निगम विद्यालयों में अनिवार्य होगी योग की शिक्षा

-नगर निगम में गठित होगी खेल अकादमी

टीम एटूजेड/नई दिल्ली
नगर निगम के विद्यालयों में अब योग को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए निगम विद्यालयों में योग की शिक्षा को अनिवार्य किया जा रहा है। यह फैसला उत्तरी दिल्ली की खेल-कूद प्रोत्साहन समिति की बैठक में लिया गया है। समिति के अध्यक्ष और उत्तरी दिल्ली के उप महापौर योगेश वर्मा ने बताया कि यह निर्णय निगम विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य के मद्देनजर लिया गया है।
योगेश वर्मा ने बताया कि उत्तरी नगर निगम में खेल-कूद को प्रोत्साहन के लिए जल्दी ही खेल अकादमी का गठन किया जाएगा। स्पोर्ट्स अकादमी बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। योगेश वर्मा ने बताया कि जल्दी ही उत्तरी निगम के कार्यकारी और विधायी पक्ष के बीच क्रिकेट मैच आयोजित कराया जाएगा। इसके लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। इस तरह के मैचों से कार्यकारी व विधायी पक्ष में और बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।
उपमहापौर योगेश वर्मा ने कहा कि खेल-कूद शिक्षा का अनिवार्य अंग है। अच्छी शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास करना है। स्वस्थ शरीर में ही प्रखर मस्तिष्क रहता है। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा है। यह हमारे शारीरिक एवम् मानसिक दोनों विकास का श्रोत है।