-अनियमित कालोनियों के सहारे चुनावी नैया पार करेगी भाजपा!
-धन्यवाद सभाओं के जरिए दिल्ली वालों के साथ होगा संवाद
-दिल्ली में मोदी सरकार के कामकाज पर वोट मांगेगी भाजपा
दिल्ली में विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट तेज होती जा रही है। चुनाव आयोग जल्दी ही यहां विधानसभा चुनाव की घोषणा कर सकता है। इसको लेकर राजधानी में सियासी अखाड़ा सज गया है। दिल्ली बीजेपी ने इंद्रप्रस्थ के सियासी मैदान में मोदी सरकार के कामकाज के सहारे उतरने की तैयारी की है। दिल्ली में मोदी सरकार द्वारा अनियमित कालोनियों में रजिस्ट्री खोले जाने और संपत्तियों का मालिकाना हक दिए जाने के मुद्दे को बीजेपी ने घर-घर पहुंचाने की तैयारी की है। माना जा रहा है कि सरकार के इस फैसले से दिल्ली के करीब 40 लाख लोगों को लाभ होगा।
बता दें कि दिल्ली भाजपा ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में अनियमित कालोनियों को लेकर धन्यवाद सभाएं आयोजित करने का फैसला किया है। बदरपुर के पूर्व विधायक रामबीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में लवकुश चौक (सौरभ विहार) पर जनसभा का आयोजन किया गया। सभा को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने संबोधित किया। इस मौके पर मीडिया सह-प्रभारी नीलकांत बक्शी, जिला प्रभारी सत्यनारायण गौतम, जिला अध्यक्ष रोहताश कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष मिथलेश सिंह, अनामिका सिंह, रणवीर राठौर, सूर्यभान पांडेय, जोन चेयरमैन कमलेश शुक्ला, महेश अवाना, रवि लोहिया, शरत झा, केके सिंह, दिनेश सारस्वत और गगन कसाना, जिला और मंडल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मनोज तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार ने 100 दिन में अनियमित कालोनियों को नियमित करने का ऐतिहासिक निर्णय लेते हुये लाखों लोगों को दीपावली का उपहार दिया है। 15 साल कांग्रेस ने भटकाया, 5 साल आम आदमी पार्टी ने लटकाया लेकिन भाजपा ने जो कहा वो कर दिया है। भाजपा लाभ के लिए नहीं नागरिकों की सुविधाओं के लिए काम करती है। तिवारी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ओछी मानसिकता के शिकार हैं। वो कहते हैं कि बिहार के लोग 500 रूपये का टिकट कटा कर आते हैं और लाखों का ईलाज दिल्ली के अस्पतालों में कराकर चले जाते हैं। परप्रांतियों से नफरत करना, लोगों को बोझ समझना आम आदमी पार्टी के संस्कार हैं। बदरपुर में, गाजीपुर में और भलस्वा में कूड़े का पहाड़ खड़ा है। फिर भी 57 महीने के कार्यकाल में कभी मुख्यमंत्री ने इसे खत्म करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
उन्होंने आगे कहा कि र्नकारात्मक विचारों से सकारात्मक शुरूआत नहीं हो सकती है। भलस्वा में कूड़े के पहाड़ को खत्म करने के लिए भाजपा शासित निगम ने केन्द्र सरकार से आर्थिक सहायता ली है। इससे अत्याधुनिक मशीनों से कूड़े के पहाड़ को खत्म करने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। आने वाले 2 साल में हम तीनों कूडें के पहाड़ों को पूरी तरह से समाप्त करने का काम करने जा रहे हैं। हमारी कोशिश थी कि दिल्ली में रह रहे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को मुफ्त ईलाज की व्यवस्था दी जाये। इसके लिए केन्द्र सरकार आयुष्मान भारत योजना लेकर आयी। लेकिन मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दलगत राजनीति के चलते दिल्ली में इस जनकल्याणकारी योजना को लागू नहीं किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली की जनता जाग चुकी है और वो केजरीवाल के झूठ के जाल में नहीं फंसेगी। जनता जानती है कि कौन जोड़ने की राजनीति करता है और कौन तोड़ने की राजनीति में विश्वास रखता है। दिल्ली की सत्ता में आने के बाद भाजपा सबसे पहले दिल्ली में परिवहन व्यवस्था को दुरूस्त करेगी। इलेक्ट्रिक बसें लाई जाएंगी और लोगों को बसों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आदमी पार्टी ने 57 महीने में झूठ, हिंसा व नफरत की मशीन चलाई है। अब वह श्वेत पत्र जारी करके बताऐं कि उन्होंने दिल्ली के लिए क्या किया। भाजपा दिल्ली की सत्ता में आने के बाद वह काम करेगी जो आम आदमी पार्टी की सरकार नहीं कर पाई।