-आप हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने सिरसा में दिया बयान
एसएस ब्यूरो/चंडीगढ़ 31 अक्टूबर।
आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने अपने सिरसा प्रवास के दौरान रानियां, ऐलनाबाद और सिरसा विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करने के बाद भाजपा सरकार की जनविरोधी, किसान विरोधी और लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार हमला बोला।
डॉ. सुशील गुप्ता ने जनता को संबोधित किया और कहा कि देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार उर्फ ज्ञानू ने एसआईआर प्रक्रिया से भारतीय जनता पार्टी के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। अब तक पूरे देश में करीब 14 करोड़ लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटे जा चुके हैं। जहां भी चुनाव होते हैं, जानबूझकर असमंजस की स्थिति पैदा कर दी जाती है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली चुनाव के दौरान जिस ख़तरे का आगाज़ किया था, आज वह देश के सामने सच साबित हो रहा है। भाजपा जनता के वोटों से नहीं, बल्कि चुनाव आयोग, सीबीआई और ईडी के दुरुपयोग से चुनाव जीतने की घटिया राजनीति करती है। पहले दिल्ली, फिर पश्चिम बंगाल, हरियाणा और अब पंजाब में यही हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। हमारी मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तुरंत देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर उनका इस्तीफा लिया जाए।
सुशील गुप्ता ने कहा हरियाणा के सभी 23 जिले अवैध नशे के दलदल में धंस चुके हैं, जिनमें से 16 जिले गंभीर रूप से रेड ज़ोन में हैं। राज्य में चिट्ठा, अफीम, गांजा, हेरोइन और सिंथेटिक ड्रग्स का कारोबार पूरी तरह सरकारी संरक्षण में फल-फूल रहा है। हाल ही में नारनौल जैसी जगहों पर पुलिसकर्मियों की संलिप्तता भी सामने आई है। सिरसा जिले में स्थिति इतनी भयावह है कि नशे के कारण हर रोज़ औसतन एक युवा अपनी जान गंवा रहा है। इसके बावजूद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राज्य की सुध लेने के बजाय पंजाब में रैलियां निकाल कर ड्रामा कर रहे हैं।
हरियाणा में आज देश-दुनिया के कुख्यात गैंग सक्रिय हो चुके हैं। हर दिन सरेआम गोलीबारी और फिरौती की वारदातें आम बात हो गई हैं। शाम ढलते ही माताएं-बहनें सड़कों पर निकलने से डरती हैं और खौफ के माहौल के कारण व्यापारी वर्ग अपना व्यापार दूसरे प्रदेशों में शिफ्ट (पलायन) करने को मजबूर है। आम नागरिक खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रहा है।


