उत्तर पूर्वी दिल्ली वालों के लिए आफत बना सिग्नेचर ब्रिज!

-कश्मीरी गेट, शास्त्री पार्क, खजूरी चौक से वजीराबाद पुल तक जाम ही जाम
-भारी परेशानी झेल रहे लोग, यात्रा में कई घंटे का समय हो रहा खराब

टीम एटूजेड/नई दिल्ली
वजीराबाद के पास यमुना पर बने सिग्नेचर ब्रिज पर चल रहा काम उत्तरी पूर्वी दिल्ली वालों के लिए मुसीबत बन गया है। यमुना विहार, भजनपुरा, मुस्तफाबाद, करावल नगर, सोनिया विहार जैसे इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों को अपने काम-धंधों पर जाने के लिए कई-कई घंटे बर्बाद करने पड़ रहे हैं। लोग घंटों भारी जाम में फंस रहे हैं। बता दें कि दिल्ली सरकार ने सिग्नेचर ब्रिज पर बकाया काम के लिए इसे अगले 10 दिन के लिए आम लोगों के लिए बंद कर दिया है। जिसकी वजह से लोगों को परेशानी हो रही है।
बढ़े हुए यातायात के लिहाज से वजीराबाद पुल अब बहुत छोटा पड़ रहा है। जिसकी वजह से पीक ऑवर्स में टै्रफिक को वाया कश्मीरीगेट-शास्त्री पार्क डायवर्ट किया जा रहा है। इसकी वजह से खजूरी-वजीराबाद, खजूरी-शास्त्री पार्क और कश्मीरीगेट शास्त्री पार्क के मार्ग पर हर समय लंबा जाम लग रहा है। कारण है कि शास्त्री पार्क लाल बत्ती चौक पर पहले ही फ्लाईओवर बनाने का काम चल रहा है। इसकी वजह से वहां भी लोगों को भारी जाम झेलना पड़ रहा है।
तिवारी ने लगाया केजरीवाल पर आरोपः
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष व उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तिवारी ने कहा कि केजरीवाल जानबूझकर उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को चौपट कर रहे हैं। वह नहीं चाहते कि उत्तर पूर्वी दिल्ली के लाखों लोग आसानी से कहीं आ-जा सकें। यही कारण है कि प्रदूषण कम करने के नाम पर ऑड-इवन फार्मूला लागू करने के बाद केजरीवाल ने सिग्नेचर ब्रिज को बंद करा दिया है। यह जानते हुए कि शास्त्री पार्क पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के चलते परिवहन व्यवस्था पहले ही लचर है। तिवारी ने आरोप लगाया कि उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र की जनता से करारी हार मिलने के बाद केजरीवाल बदले की भावना से उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।
मनोज तिवारी ने आगे कहा कि पहले ऑड-ईवन फार्मूला लागू कर निजी वाहनों को आधा कर दिया। उसके बाद में दिल्ली से जुड़ने वाले सभी रास्ते बंद कर केजरीवाल ने उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में जाम की स्थिति पैदा कर दी है। जिससे नौकरी-मजदूरी करने वाले लोग अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे। वहीं सरकारी दफ्तरों में नौकरी करने वालों के लिए समय पर कार्यालय पहुंचना मुश्किल हो गया है। तिवारी ने आगे कहा कि अगर कोई मशीनें हटाई जानी हैं तो उन्हें रात के समय भी हटाया जा सकता है। जबकि व्यस्ततम समय (पीक आवर्स) में सिग्नेचर ब्रिज को खोला जाना चाहिए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल अपनी राजनीति के लिए घिनौनी हरकत कर रहे हैं।