-गत इंडिया ओपन चैंपियन चीनी ताइपे के लिन चुन-यी दूसरे दौर में बाहर
विजय कुमा/नई दिल्ली, 19 अगस्त।
पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु और दिग्गज खिलाड़ियों को हराकर चर्चा में आए आयुष शेट्टी ने बुधवार को यहां इंदिरा गांधी स्टेडियम में विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के तीसरे दिन अपने-अपने दूसरे दौर के मुकाबले आसानी से जीतकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि, मेजबान भारत के लिए दिन मिला-जुला रहा।
नौवीं वरीयता प्राप्त सिंधु ने महिला एकल के दूसरे दौर में कनाडा की झांग वेन यू को 21-16, 21-17 से हराया। वहीं, आयुष ने श्रीलंका के डुमिंदु अबेयविक्रमा को केवल 26 मिनट में 21-8, 21-10 से शिकस्त देकर पुरुष एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
राउंड ऑफ 16 में सिंधु का सामना चीन की तीसरी वरीयता प्राप्त वांग जि यी से होगा, जिन्होंने दिन के पहले मुकाबले में मलेशिया की करुआथेवन लेत्शाना को 21-16, 21-9 से हराया। आयुष का सामना इंडोनेशिया के 11वीं वरीयता प्राप्त अल्वी फरहान से होगा। 2023 विश्व जूनियर चैंपियन फरहान ने दूसरे दौर में फिनलैंड के जोआकिम ओल्डोर्फ को 21-12, 21-9 से हराया।
दो बार विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी बिना कोर्ट पर उतरे ही राउंड ऑफ 16 में पहुंच गए। उनके स्कॉटलैंड के प्रतिद्वंद्वियों ने एलेक्जेंडर डन की चोट के कारण वॉकओवर दे दिया।
जहां सिंधु और आयुष ने अपने दूसरे दौर के मुकाबले आसानी से जीते, वहीं लक्ष्य सेन और उन्नति हुड्डा को हार का सामना करना पड़ा। 14वीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन को अमेरिका के 18 वर्षीय गैरेट टैन ने कड़े मुकाबले में 19-21, 21-19, 21-17 से हराया। यह मुकाबला एक घंटे 13 मिनट चला। वहीं, विश्व चैंपियनशिप में पदार्पण कर रही उन्नति हुड्डा कनाडा की 13वीं वरीयता प्राप्त मिशेल ली के खिलाफ दो मैच प्वाइंट हासिल करने के बावजूद 11-21, 21-9, 23-21 से हार गईं।
लक्ष्य ने टैन के खिलाफ पहला गेम अपने नाम किया, लेकिन अमेरिकी खिलाड़ी ने अपने तेज और दमदार स्मैश के जरिए घरेलू पसंदीदा खिलाड़ी पर दबाव बनाया। लक्ष्य ने दूसरे गेम में वापसी करते हुए चार गेम प्वाइंट बचाए, लेकिन वह मुकाबले को निर्णायक गेम तक जाने से नहीं रोक सके। तीसरे और अंतिम गेम में लक्ष्य एक समय 4-11 से पीछे थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 16-17 कर दिया। हालांकि, कुछ गलतियों और टैन के आक्रामक खेल ने लक्ष्य की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
इससे पहले उन्नति उलटफेर के बेहद करीब पहुंची थीं। उन्होंने मिशेल ली के खिलाफ दो मैच प्वाइंट हासिल किए, लेकिन दोनों मौकों पर उनके पुश शॉट बाहर चले गए। इसके बाद ली ने मौके का फायदा उठाते हुए डाउन-द-लाइन स्मैश के जरिए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
प्रमुख परिणाम
पुरुष एकलः
आयुष शेट्टी (भारत) ने डुमिंदु अबेयविक्रमा (श्रीलंका) को 21-8, 21-10 से हराया।
गैरेट टैन (अमेरिका) ने 14वीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन (भारत) को 19-21, 21-19, 21-17 से हराया।
तीसरी वरीयता प्राप्त जोनाथन क्रिस्टी (इंडोनेशिया) ने जिया हेंग तेह (सिंगापुर) को 19-21, 21-19, 21-11 से हराया।
रासमुस गेमे (डेनमार्क) ने लिन चुन-यी (चीनी ताइपे) को 13-21, 21-17, 21-11 से हराया।
महिला एकलः
9वीं वरीयता प्राप्त पीवी सिंधु (भारत) ने झांग वेन यू को 21-16, 21-17 से हराया।
13वीं वरीयता प्राप्त मिशेल ली (कनाडा) ने उन्नति हुड्डा (भारत) को 11-21, 21-9, 23-21 से हराया।
मिश्रित युगलः
15वीं वरीयता प्राप्त ध्रुव कपिलाध्तनिशा क्रास्टो (भारत) ने लिओंग लोक चोंगध्एनजी वेंग ची (मकाऊ) को 21-11, 21-11 से हराया।


