DSIIDC के अधिकारियों को नोटिस जारी, पूछताछ के लिए थाने में बुलाया

-RTI: सूचना नहीं दिये जाने और आरटीआई एक्टिविस्ट को धमकाने व कार्यालय परिसर में घुसने से रोके जाने का मामला

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 20 अगस्त।
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली स्टेट इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट काॅरपोरेशन (डीएसआईआईडीसी) के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को पूछताछ और अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किये गये हैं। लाजपत नगर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई साउथ-ईस्ट डिस्ट्रिक कोर्ट साकेत के आदेश पर की है।
दिल्ली पुलिस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक मामले की अगली सुवाई 29 अगस्त को की जानी है, जिसमें पुलिस की ओर से एक्शन टेकन रिपोर्ट दाखिल की जानी है। सूत्रों के मुताबिक डीएसआईआईडीसी के इंजीनियर-इन-चीफ सच्चिदानंद शरण, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर श्री गोपाल और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अमित कुमार व कुलदीप हुड्डा तथा कुछ अन्य लोगों को नोटिस जारी करके उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए थाने में बुलाया गया है।
बताया जा रहा है कि पूरा मामला एक आरटीआई एक्टिविस्ट से जुड़ा हुआ है। इस आरटीआई एक्टिविस्ट ने सूचना का अधिकार कानून के तहत डीएसआईआईडीसी के कुछ कामों से जुड़ी सूचना मांगी थी। परंतु विभागीय अधिकारी सूचना देने के बजाय मामले को लगातार टालते रहे। जब आरटीआई एक्टिविस्ट डीएसआईआईडीसी के लाजपत नगर स्थित कार्यालय में इसी से जुड़ा पत्र देने गया तो गेट पर मौजूद स्टाफ ने उसे धमकाते हुए परिसर में घुसने से रोक दिया था। आरटीआई एक्टिविस्ट ने इसको लेकर दिल्ली पुलिस के हेल्पलाइन नंबर पर भी काॅल किया था।
मामले की अगली सुनवाई साउथ-ईस्ट डिस्ट्रिक कोर्ट साकेत में 29 अगस्त को की जानी है। गौरतलब है कि डीएसआईआईडीसी के इंजीनियर-इन-चीफ (तत्कालीन चीफ इंजीनियर) एस.एन. शरण के खिलाफ पिछले वर्ष ही मई माह में तत्कालीन एमडी ने एफआर-56(जे) के तहत रिटायरमेंट के आदेश दिये थे। परंतु बाद में उस अधिकारी का ट्रांसफर हो गया था और एस.एन.शरण के खिलाफ की गई कार्रवाई को वापस ले लिया गया था। तभी से पूरे डीएसआईआईडीसी में चीफ इंजीनियर को लेकर तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।