-अंगद चीमा व मोहम्मद अजहर संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर
विजय कुमार / (कोलार) कर्नाटक, 20 अगस्त।
दिल्ली के 23 वर्षीय गोल्फर शौर्य भट्टाचार्य ने तीसरे राउंड में एक अंडर 71 का कार्ड खेलकर 1 करोड़ कोलार ओपन 2026 में दो शॉट की बढ़त बरकरार रखी। दिन की शुरुआत तीन शॉट की बढ़त के साथ करने वाले भट्टाचार्य ने शुरुआती दो राउंड में 68 और 67 के बाद तीसरे राउंड में 71 का स्कोर किया और कुल 10-अंडर 206 पर पहुंच गए। उनकी बढ़त एक शॉट कम हुई, लेकिन वह अब भी फाइनल राउंड से पहले शीर्ष पर बने हुए हैं।
चंडीगढ़ के अंगद चीमा (73-68-67) और हैदराबाद के मोहम्मद अजहर (70-68-70) आठ-अंडर 208 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। भट्टाचार्य के निकटतम दावेदारों में चीमा ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच-अंडर 67 का कार्ड खेला और खिताब की दौड़ में मजबूती से वापसी की। वहीं अजहर ने दो-अंडर 70 का स्कोर किया।
चेक गणराज्य के स्टेपन डानेक (76-70-63) ने दिन का सबसे कम स्कोर बनाया। उन्होंने बिना कोई बोगी किए नौ-अंडर 63 का शानदार राउंड खेला, जिसमें नौ बर्डी शामिल थीं। पहले से चैथे होल तक लगातार चार बर्डी के साथ उन्होंने संयुक्त 14वें स्थान से छलांग लगाकर सात-अंडर 209 के स्कोर के साथ चैथा स्थान हासिल किया।
बांग्लादेश के बादल हुसैन (69-72-69) छह-अंडर 210 के साथ पांचवें स्थान पर हैं, जबकि गुरुग्राम के वीर अहलावत (71-71-69) पांच-अंडर 211 के साथ छठे स्थान पर हैं। भट्टाचार्य का राउंड चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच खेला गया। बारिश और तेज हवाओं ने खासकर बैक नाइन में परिस्थितियों को मुश्किल बना दिया। तीन बार के विजेता ने गेंद पर अच्छा नियंत्रण रखा, लेकिन अंतिम चरण में दो छोटे पुट चूक गए।
भट्टाचार्य ने कहा, “बारिश और तेज हवाओं के कारण परिस्थितियां मुश्किल थीं, खासकर बैक नाइन में। मैंने गेंद को अच्छी तरह हिट किया, लेकिन वापसी के दौरान दो छोटे पुट चूक गया।” हालांकि अंतिम होल पर लगाई गई बर्डी ने उन्हें महत्वपूर्ण बढ़त वापस दिला दी।
उन्होंने कहा, “अंतिम होल पर बर्डी करना महत्वपूर्ण था और इससे राउंड का सकारात्मक अंत हुआ।” इस समय सीजन रैंकिंग में 16वें स्थान पर मौजूद भट्टाचार्य फाइनल राउंड से पहले अपनी रणनीति में बदलाव नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा, “योजना यही है कि फेयरवे ढूंढते रहना और ग्रीन पर गेंद पहुंचाते रहना। पहले तीन राउंड में यह रणनीति अच्छी तरह काम कर रही है।


