-क्या सच में हो रहा दिल्ली बीजेपी के नये अध्यक्ष का इंतजार?
हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 27 मई, 2026।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा टलते ही दिल्ली नगर निगम के जोन चेयरमैन, डिप्टी चेयरमैन और स्टेंडिंग कमेटी के सदस्यों का चुनाव एक बार फिर टल गया है! खास बात है कि इस बार कोई तारीख तय करने के बजाय अगला आदेश जारी होने तक चुनाव को टाला जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि एमसीडी में नेता सदन कार्यालय की ओर से निगम सचिव कार्यालय को इसके संबंध में सूचित किया गया है। निगम सचिव कार्यालय की ओर से इसके संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
गौरतलब है कि पहले यह चुनाव 23 मई को होने थे और इसके लिए 19 मई तक नामांकन पत्र दाखिल किये जाने थे। इसके पश्चात 14 मई को निगम सचिव कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना में इस चुनाव की तारीख को बढ़ाकर 3 जून और नामांकन की तारीख को बढ़ाकर 29 मई कर दिया गया था। परंतु ताजा समीकरणों के अनुसार फिलहाल जोन चेयरमैन, डिप्टी चेयरमैन और स्टेंडिंग कमेटी के 6 सदस्यों के चुनाव को अगला आदेश जारी होने तक टालने के फैसला किया गया है।
पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पहले माना जा रहा था कि केंद्रीय नेतृत्व 20 मई तक दिल्ली के नये प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर देगा। इसलिए एमसीडी से चुनाव की तारीख को 3 जून रखा गया था। परंतु अभी तक दिल्ली के नेतृत्व परिवर्तन के मामले में शीर्ष नेतृत्व ने कोई फैसला नहीं लिया है। ऐसे में इस चुनाव को फिलहाल टाल दिया गया है।
दिल्ली बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि दिल्ली 5 दीनदयाल उपाध्याय मार्ग और प्लेयर्स बिल्डिंग में बैठने वाले बीजेपी नेताओं के बीच छत्तीस का आंकड़ा है। दोनों ही सत्ता के मामले में अपनी चलाना चाहते हैं। हालांकि मेयर के चुनाव में प्लेयर्स बिल्डिंग ऐसे में विवाद को टालने के उद्देश्य से एक बार फिर से जोन चेयरमैन, डिप्टी चेयरमैन और स्टेंडिंग कमेटी के चुनाव को टाला गया है।


‘मलमास’ खत्म होने का इंतजार!
बीजेपी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अभी मलमास (अधिक मास या पुरूषोत्तम मास) चल रहा है और पार्टी नेतृत्व इन दिनों में महत्वपूर्ण फैसले लेने से बचता रहा है। केंद्रीय मंत्रीमंडल व पार्टी संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर भी कुछ फेरबदल होना है, लेकिन वहां भी मलमास खत्म होने का इंतजार किया जा रहा है। मलमास 15 जून को खत्म होगा। इसलिए माना जा रहा है कि दिल्ली प्रदेश बीजेपी में नेतृत्व परिवर्तन की घोषणा अब 15 जून के बाद ही होगी और इसके पश्चात ही एमसीडी में जोन चेयरमैन, डिप्टी चेयरमैन और स्टेंडिंग कमेटी के 6 सदस्यों का चुनाव कराया जायेगा।


