-रिटायर्ड जस्टिस होंगे हाई लेवल कमेटी के अध्यक्ष
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 26 मई।
घुसपैठियों की रोकथाम के लिए गृह मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। देश के डेमोग्राफिक चेंज पर मोदी सरकार ने हाईलेवल कमेटी का गठन किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि यह कमिटी, अवैध प्रवास और अन्य असामान्य कारणों से पूरे भारत में हो रहे डेमोग्राफिक चेंज का मूल्यांकन करेगी। उन्होंने कहा, ‘घुसपैठ और अन्य कारणों से (अननैचुरल डेमोग्राफिक चेंज) किसी भी राष्ट्र के वर्तमान व भविष्य के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है। इससे निपटने के लिए 15 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक हाई लेवल कमेटी की घोषणा की थी। मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि सरकार ने इस कमिटी का गठन कर लिया है।’
केंद्रीय गृह मंत्री ने एक्स पर पोस्ट करके बताया, ‘जस्टिस प्रकाश प्रभाकर नावलेकर (रिटायर) की अध्यक्षता में बनी इस कमिटी में जनगणना आयुक्त के साथ दुर्गा शंकर मिश्रा (रिटायर्ड आईएएस), बालाजी श्रीवास्तव (रिटायर्ड आईपीएस) और डॉ. शमिका रवि समिति के सदस्य होंगे। संयुक्त सचिव, गृह मंत्रालय, इस समिति के सदस्य सचिव होंगे।’
डेमोग्राफिक चेंज का होगा गंभीर विश्लेषण
उन्होंने बताया, ‘डेमोग्राफिक चेंज हमारी संप्रभुता के साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून व्यवस्था, सामाजिक संरचना में गंभीर बदलाव और जनजातीय समाज के संरक्षण से जुड़ी एक गंभीर समस्या है। यह कमेटी, अवैध प्रवास और अन्य असामान्य कारणों से पूरे भारत में हो रहे डेमोग्राफिक चेंज का व्यापक मूल्यांकन करेगी और धार्मिक, सामाजिक समुदायों के स्तर पर असामान्य जनसंख्या परिवर्तनों के पैटर्न का विश्लेषण करेगी। साथ ही इसका सुनियोजित और समयबद्ध समाधान प्रस्तुत करेगी।’
बांग्लादेश बॉर्डर पर उमड़ी घुसपैठियों की भीड़
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद घुसपैठियों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर सख्ती बरती जा रही है। इसकी वजह से अवैध घुसपैठिए बांग्लादेश लौटने के लिए उमड़ रहे हैं। मंगलवार की सुबह हकीमपुर चेक पोस्ट पर घुसपैठिए बांग्लादेश जाने के लिए पहुंचे। डिटेक्टेड डिफॉल्ट होल्डिंग सेंटर के निर्देश जारी होने के बाद बांग्लादेशी बड़ी संख्या में सीमा पर लौट रहे हैं।


