उत्तराखंडः नगर निकाय चुनाव में भाजपा का परचम

उत्तराखंडः महापौर चुनाव, भाजपा 7-2 से आगे

टीम एटूजैड/ देहरादून
उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा को बढ़त मिली है। नगर निकाय चुनाव में भाजपा को महापौर की 7 में से 5 सीटों पर जीत हासिल हुई है। भाजपा ने पांच नगर निगमों और कांग्रेस ने दो नगर निगमों पर कब्जा किया है। नगर पंचायत अध्यक्षों के लिए हुए चुनाव में भी भाजपा का शानदार प्रदर्शन रहा है। पार्टी ने 18 नगरों में जीत दर्ज की है। दूसरी ओर कांग्रेस को सिर्फ सात नगर पंचायतों पर सफलता मिली है। नगर पंचायत चुनाव में निर्दलीय कांग्रेस से आगे रहे हैं और उन्होंने 12 स्थानों पर जीत हासिल की। हालांकि नगर पालिकाओं के चुनाव में कांग्रेस को थोड़ी राहत मिली है। कांग्रेस 14 पालिकाओं का अध्यक्ष पद हासिल करने में कामयाब रही, वहीं भाजपा को 13 और निर्दलीय प्रत्याशियों को 11 नगर पालिकाओं के चुनाव में कामयाबी हासिल हुई।

सात सीटों पर मेयर पद के चुनाव नतीजेः
देहरादून नगर निगम के लिए हुए चुनाव में सुनील उनियाल गामा 35632 वोट से जीते हैं। हरिद्वार नगर निगम के मेयर पद पर कांग्रेस की अनीता शर्मा जीती हैं, उन्होंने भाजपा की अन्नू कक्कड को करीब 8000 वोटों से हराया। हल्द्वानी नगर निगम के मेयर पद पर भाजपा का कब्जा हुआ, यहां पार्टी के जोगेंद्र रौतेला ने दस हजार 854 वोट हासिल किए। उन्होंने कांग्रेस के सुमित ह्दयेश को हराया। कोटद्वार नगर निगम के ं मेयर पद कांग्रेस की हेमलता नेगी ने जीत हासिल की है। उन्होंने निर्दलीय विभा चौहान को एक हजार 568 वोटों से हाराया

ऋषिकेश नगर निगम के मेयर पद पर भाजपा की अनिता ममगाईं 11000 वोटों से जीती। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी विना दीप शर्मा को हराया, कांग्रेस यहां तीसरे स्थान पर रही। रुद्रपुर में मेयर पद पर भारतीय जनता पार्टी के रामपाल लगभग 4500 वोटों से चुनाव जीते हैं। काशीपुर नगर निगम का मेयर पद पर भाजपा की ऊषा चौधरी ने पांच हजार 472 वोटों से जीत हासिल की।

नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष पदों पर भी भाजपा का परचमः
उत्तराखंड में नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए हुए चुनाव में भी भाजपा ने शानदार प्रदश्रन किया है। हालांकि वार्ड सदस्यों के पदों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों को भारी पटखनी दी है। घोषित सभासदों के नतीजों के मुताबिक भाजपा और कांग्रेस मिलकर भी निर्दलीयों के बराबर अपने सभासद नहीं जिता पाए। खबर लिखे जाने तक घोषित 67 परिणामों में से भाजपा 27 शहरी निकायों में अध्यक्ष बनाने में कामयाब रही। 21 निकायों में निर्दलियों ने बाजी मारी, कांग्रेस को 19 निकायों में अध्यक्ष पद पर कामयाबी हासिल हुई।

आप ने खाता खोलाः
उत्तराखंड में हुए निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अपना खाता खोला है। यहां पार्टी के दो सभासद जीतकर आए हैं। जबकि बसपा के दो और यूकेडी और सपा के भी एक एक सभासद चुनाव में जीत हासिल कर चुके हैं।