दिल्ली में सीएनजी 40 पैसे महंगी

-नोएडा में घटे सीएनजी के दाम

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
दिल्ली में सीएनजी गाड़ी उपयोग करने वालों के लिए बुरी खबर है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने सीएनजी के दाम बढ़ा दिए हैं। खास बात है कि उत्तर प्रदेश के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी के दाम घटाए गए हैं। शनिवार-रविवार की रात्रि से दिलली में सीएनजी के दाम 40 पैसे बढ़ाए गए हैं। अब दिल्ली में सीएनजी के दाम 44.70 रूपये प्रति किलो और हरियाणा के रेवाड़ी में 54.45 रूपये प्रति किलो हो गए हैं। आईजीएल का दावा है कि सीएनजी का परिचालन खर्च बढ़ने की वजह से दाम बढ़ाए गए हैं।

नोएडा में सीएनजी 45 पैसे सस्ती
उत्तर प्रदेश सरकार ने वैट की दरों में 2 फीसदी की अतिरिक्त कटौती की है। इसके चलते नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी के दामों में शनिवार-रविवार की रात्रि से 45 पैसे की कटौती की गई है। अब इन शहरों में सीएनजी के दाम 50.80 रूपये प्रति किलो हो गए हैं।

जारी रहेगी 1.50 रूपये की कटौती
आईजीएल ने दावा किया है कि सीएनजी के दामों में 1.50 रूपये प्रति किलो की विशेष कटौती जारी रहेगी। रात्रि 12 बजे से सुबह 6 बजे तक दिल्ली में सीएनजी के दाम 43.20 रूपये प्रति किलो और नोएडा, ग्रेटर नोएडा व गाजियाबाद में सीएनजी के ाम 49.30 रूपये प्रति किलो होंगे।

कच्चे तेल के दाम गिरने के बावजूद सीएनजी में बढ़ोतरी?
दिल्ली में सीएनजी के दाम बढ़ाए जाने पर सवाल उठने लगे हैं। पिछले कई दिनों से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम लगातार गिर रहे हैं। इसके चलते पेट्रोल-डीजल के दामों में भी गिरावट आई है। लेकिन इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। सार्थक जन मंच, सार्थक सेवा समिति जैसे सामाजिक संगठनों ने सीएनजी के दाम तुरंत घटाने की मांग की है।