टिकट का सवाल… दिल्ली बीजेपी कार्यालय में पूर्व विधायक की बहू का बवाल

-पार्टी कार्यालय में पूर्व विधायक के बेटे की बीवी ने मचाया हंगामा
-महिला ने पार्टी पदाधिकारियों को भी सुनाईं खरी-खोटी

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
दिल्ली बीजेपी के नेताओं के बीच सियासी उठापटक तो पहले से ही जारी है। अब पार्टी कार्यालय में गाहे-बगाहे हंगामे के नजारे भी देखने को मिल रहे हैं। सोमवार की सांय दिल्ली बीजेपी कार्यालय में उस समय हंगामे का माहौल बन गया, जब पार्टी के पूर्व विधायक मनोज शौकीन के बेटे की पत्नी और उसकी मां यानी शौकीन की समधन ने पार्टी कार्यालय में गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।
एक ओर दिल्ली में विधानसभा चुनाव का आधिकारिक आगाज हो गया है। राजनीतिक दलों के नेता अपने अपने दलों से चुनावी टिकट के जुगाड़ में लगे हैं। दूसरी ओर उन्हें अलग अलग तरह के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। बीजेपी के पूर्व विधायक के बेटे की पत्नी और उसकी मां ने पिछले सप्ताह भी पार्टी कार्यालय में आकर हंगामा काटा था। पूर्व विधायक की बहू ने अपने ससुर पर रिवाल्वर की नोक पर दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं। यह मामला अदालत में विचाराधीन है। दोनों महिलाएं मांग कर रही हैं कि बीजेपी अपने पूर्व विधायक को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाए।
पूर्व विधायक की बहू का आरोप है कि भाजपा नेता दुष्कर्म के आरोपी अपने पूर्व विधायक को संरक्षण दे रहे हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में उसे दोबारा टिकट देने की तैयारी की जा रही है। पीड़िता की मांग है कि भाजपा नेता उसके ससुर को संरक्षण देना बंद करें। पीड़िता अपनी मांग को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी और पार्टी के दूसरे नेताओं से मिलने आई थी।
जानें पूरा मामलाः
पूर्व विधायक मनोज शौकीन के खिलाफ उसकी बहू ने दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। स्थानीय पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म व धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने कहा है कि पिछले साल उसकी शादी पूर्व विधायक के बेटे के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे प्रताड़ित कर रहे थे। पूर्व विधायक की बहू ने आरोप लगाया था कि पिछले साल यानी 2018 की 31 दिसंबर की रात को वह होटल में नए साल की पार्टी मनाकर घर पहुंची थी।
रात 12 बजे सभी ने केक काटकर नए साल का जश्न मनाया था। इसके बाद उसका पति अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने चला गया। इसके बाद रात्रि करीब डेढ़ बजे उसका ससुर कमरे में आया और छेड़छाड़ करने लगा।
महिला के विरोध करने पर उसने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पूर्व विधायक ने उसके भाई और माता-पिता की भी हत्या करने की धमकी दी थी। डर की वजह से उसने तब यह बात किसी को नहीं बताई थी। पिछले साल यानी 7 अगस्त 2019 को साकेत कोर्ट में जब प्रोटेक्शन आफिसर की ओर से सुरक्षा का भरोसा मिलने पर उसने सारी बात बताई। बाद में उसने पुलिस में इसकी शिकायत भी की है।