शीत लहर जारी… उत्तर भारत में बारिश और बर्फवारी

-पहाड़ी इलाकों में होगी बर्फवारी

टीम एटूजेड/ नई दिल्ली
उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी है। दूसरी ओर कश्मीर घाटी से लेकर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फवारी जारी है। दिल्ली में मंगलवार की सुबह में भी बारिश हुई। इसके साथ ही दिल्ली का न्यूनतम पापमान 12 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में दिन में आसमान में बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले दो-तीन दिनों में बारिश हो सकती है और तापमान में कमी आने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में सोमवार की शाम और मंगलवार की सुबह हल्की बारिश हुई और अगले 24 घंटे में और बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में पश्चिमी हिमालय के भागों में भारी बारिश और बर्फवारी की उम्मीद है। इस दौरान पंजाब और हरियाणा में भी गरज के साथ बारिश होने की उम्मीद है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और उत्तरी राजस्थान में कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओले गिरने की आशंका है। समुद्र तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु में हल्की, मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी भारत और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली शहर का न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा। माना जा रहा है कि यह तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में 7 से 9 जनवरी के बीच बारिश होने की संभावना है। इसकी वजह से एक बार फिर दिल्ली के तापमान में गिरावट हो सकती है।
कश्मीर में स्नाफॅाल और बारिशः
कश्मीर घाटी के श्रीनगर सहित दूसरे हिस्सों में साल 2020 की पहली बर्फवारी हुई। बारिश होने की वजह से पूरी घाटी में रात के तापमान में सुधार हुआ है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक श्रीनगर शहर सहित पूरे कश्मीर में सुबह से ही हल्की से मध्यम बारिश होती रहने की उम्मीद है। फिलहाल श्रीनगर से जाने आने वाली हवाई उड़ानें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी हैं। श्रीनगर में बीती रात तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को बारिश की वजह से भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर 600 से ज्यादा वाहन फंस गए।
फूलों की घाटी में बर्फवारीः
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फवारी होने से हाड़ कंपाने वाली ठंड का प्रकोप जारी है। राज्य के मैदानी इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रही। बद्रीनाथ, केदारनाथ, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी में भी सोमवार की सुबह ताजा बर्फवारी हुई। गंगोत्री, यमुनोत्री, हारसिल, हर की दून में भी ताजा बर्फ गिरने से यहां का मौसम सुहाना हुआ है।
शिमला में सामान्य से छह डिग्री नीचे तापमानः
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ वाले इलाकों में ताजा बर्फवारी हुई है। निचले और मैदानी इलाकों में बारिश होती रही। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों के मुताबिक ताजा बर्फवारी के चलते शहर का तापमान सामान्य से छह से सात डिग्री नीचे चल रहा है। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में रात में बारिश हुई।
चंडीगढ़ में चढ़ा तापमानः
चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान में सामान्य से छह डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां का तापमान 11.3 डिग्री दर्ज किया गया। राजस्थान में भी शीतलहर जारी है। ठंड कम रहने की वजह से चंडीगढ़ में लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं रही और कामकाज का माहौल सामान्य रहा।
उत्तर प्रदेश में छाया रहा कोहराः
उत्तर प्रदेश में मौसम ठंडा रहा। राज्य के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा देखा गया। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को हल्की गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल के दार्जलिंग में सोमवार को तापमान जमाव बिन्दु के आस-पास रहा। राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।