दिल्लीः बजा चुनावी बिगुल… 8 को वोटिंग, 11 को नतीजे

-सबसे बड़ा सवाल?… कौन बनेगा शहंशाह-ए-इंद्रप्रस्थ

टीम एटूजेड/ नई दिल्ली
इंद्रप्रस्थ के सिंघासन पर कब्जे के लिए आधिकारिक ऐलान हो गया है। चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। 8 फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। मतदान के लिए शनिवार और नतीजों के लिए मंगलवार का दिन तय हुआ है। चुनाव का नोटिफिकेशन 14 जनवरी, मंगलवार को जारी किया जाएगा। यानी कि कोई भी उम्मीदवार 14 जनवरी से 21 जनवरी के बीच नॉमिनेशन कर सकेगा। नामांकन पत्रों की जांच 23 जनवरी को की जाएगी। नामांकन वापसी की तारीख 24 जनवरी तय की गई है।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि राजधानी दिल्ली में कुल 70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए चुनाव होना है। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 फरवरी, 2020 को सम्पन्न हो रहा है। इस बार चुनाव आयोग ने मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक लाने के लिए पिक अप-ड्रॉप की सुविधा दी जाएगी। इस सुविधा को प्राप्त करने के लिए एक हैल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा।
विशेष जानकारीः
दिल्ली विधानसभा में कुल 70 सीट हैं। इनमें से 12 सीट अनुसूचित जाति यानी एससी के लिए आरक्षित हैं। बाकी 58 सीट सामान्य जातियों के उम्मीदवारों के लिए हैं। इन सीट पर किसी भी आरक्षित या अनारक्षित जाति के उम्मीदवार चुनाव लड़ सकते हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कुल 13750 पोलिंग बूथ तैयार किए जा रहे हैं। दिल्ली में कुल 2689 स्थानों पर मतदान किया जाएगा। चुनाव के लिए 90 हजार कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
बता दें कि दिल्ली में कुल 1,46,92136 मतदाता नई सरकार का फैसला करेंगे। इनमें से 80,55,686 पुरूष मतदाता हैं। जबकि 66,35,635 महिला मतदाता है। दिल्ली में तीसरी नस्ल वाले अभी कुल 815 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। एनआरआई मतदाताओं की संख्या कुल 489 है। मतदान के दौराना सर्विस में रहने वाले मतदाताओं की संख्या 11,556 है।