17 अगस्त से शुरू होगी ‘बूढ़ा अमरनाथ यात्रा’

-हिंदुओं की आबादी में 4 फीसदी की बढ़ोतरीः मिलंद परांडे

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 21 मईः 2026।
पाकिस्तान सीमा से सटे पुंछ में विराजित श्री बाबा बूढ़ा अमरनाथ के पूजन-दर्शन के लिए ‘बूढ़ा अमरनाथ यात्रा’ आगामी 17 अगस्त से शुरू होगी। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने गुरूवार को बताया कि इस यात्रा का संचालन बजरंग दल के द्वारा पिछले 21 वर्षों से किया जा रहा है।
मिलिंद परांडे ने बताया कि यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या हर वर्ष बढ़ रही है। खास बात है कि इस इलाके से लगातार होने वाले हिंदुओं के पलायन में कमी आई है और स्थानीय हिंदुओं की संख्या में 4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
मिलिंद परांडे ने बताया कि बूढ़ा अमरनाथ यात्रा का उद्घाटन 16 अगस्त को जम्मू स्थित भगवती नगर बेस कैंप से होगा। पहला जत्था 17 अगस्त को प्रातः 5 बजे जम्मू से बाबा बूढ़ा अमरनाथ जी के दर्शन हेतु पुंछ के लिए प्रस्थान करेगा। 18 अगस्त को प्रातः 6 बजे पुंछ से प्रस्थान करके दो घंटे के बाद दर्शन और वहां से 10 बजे यात्रा की वापसी होगी। वापसी में राजौरी होतु हुए संरबन में रात्रि विश्राम ओर अगले दिन सुबह 5 बजे यात्रा शिवखोड़ी दर्शन के लिए प्रस्थान करेगी। इसके बाद वापस कटरा पहुंच कर यात्रा का समापन होगा। उन्होंने बताया कि हर दिन 4 से 5 राज्यों के जत्थे बाबा बूढ़ा अमरनाथ के दर्शन करेंगे। दर्शन करने के लिए श्रद्धालु बूढाअमरनाथडाॅटओआरजी पर अपना पंजीकरण कर सकते हैं।