निर्वाचित सदस्यों के माध्यम से तय हो निगम का बजट: जगदीश ममगाईं

-अधिकारियों ने की नगर निगम के बजट की तैयारी

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली: 8 दिसंबर 2022।
शहरी मामलों के विशेषज्ञ एवं एकीकृत दिल्ली नगर निगम की निर्माण समिति के अध्यक्ष रहे जगदीश ममगांई ने केन्द्रीय गृह मंत्रालय से दिल्ली नगर निगम का गठन जल्द से जल्द करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 के लिए निगम का बजट निगमायुक्त तैयार कर चुके हैं और आगामी पखवाड़े में इसे पारित किया जाना है। 250 निगम सदस्यों का चुनाव हो चुका है, उनकी पार्टी व उन्होंने दिल्लीवासी से कई वादे किए हैं। ऐसे में आगामी बजट निर्वाचित सदस्यों के माध्यम से तय किया जाना उचित है जो दिल्लीवासियों के अनुकूल व राहत देने वाला हो, नौकरशाही के नज़रिए से बजट सख्त व जनता पर बोझ डालने वाला हो सकता है।
निगम चुनाव में दिल्लीवासियों ने आम आदमी पार्टी को पूर्ण बहुमत दिया है लिहाजा निगम गठन कर अब स्वच्छता में सुधार, कूड़े के पहाड़, निगमकर्मियों को हर माह नियमित वेतन, सेवानिवृतियों को पेंशन, संविदा पर कार्यरत कर्मियों को नियमित, लेंटर उगाही पर रोक, अनधिकृत निर्मित मकानों को नियमित, भ्रष्टाचार पर अंकुश जैसे उनके नेता दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा किए वादों को पूरा करने का मौका दिया जाना चाहिए। 250 निगम पार्षद, प्रशासक द्वारा मनोनीत 10 निगम विशेषज्ञ, दिल्ली विधानसभाध्यक्ष द्वारा मनोनीत 14 विधायक, दिल्ली के 10 सांसदों को मिलाकर 284 सदस्य निगम सदन दिल्लीवासियों की सेवा संबंधी कार्यों को पुनः आरंभ करे।