सूर्य देव लाल… लोग गर्मी से बेहाल

-दक्षिण भारत में भी लू का प्रकोप जारी

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
दिल्ली सहित उत्तर भारत में जहां भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। वहीं दक्षिण भारत के कई राज्य लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक दिल्ली सहित कई राज्यों में लोगों को चिलचिलाती गर्मी और सूखे मौसम से राहत नहीं मिलने का अनुमान जताया है। बता दें कि देश के सीमाई राज्यों में जम्मू-कश्मीर के जम्मू और राजस्थान में गर्मी चरम पर है। दक्षिण भारत के तेलंगाना में लू का प्रकोप जारी है। तेलंगाना में 31 मई तक लू का प्रकोप जारी रहने का अनुमान जताया जा रहा है। राज्य के आदिलाबाद जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

44 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हवा में नमी का स्तर 15 और 57 फीसदी के बीच घटता-बढ़ रहा है। दिल्ली में बुधवार को भी भीषण गर्मी रहेगी और पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। शहर में दूर-दराज के इलाकों में लू की स्थिति बनी हुई है और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।राजस्थान के कई हिस्से लू की चपेट में रहेंगे।


भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (हैदराबाद) ने चेतावनी दी है कि तेलंगाना के सभी जिलों में सुदूरवर्ती इलाकों में बुधवार से 31 मई तक लू की स्थिति बनी रहेगी। आदिलाबाद में मंगलवार को अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। निजामाबाद में तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस, नलगोंडा में 45.5 डिग्री सेल्सियस जबकि हैदराबाद में 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को सीधे-सीधे धूप के संपर्क से बचने और लू से बचाव के लिये जरूरी उपाय करने की सलाह दी है। रामागुंडम में सोमवार को अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तेलंगाना के कई हिस्सों में लू की स्थिति बनी हुई है। राज्य सरकार ने लू की स्थिति को देखते हुए बीते शुक्रवार को स्कूलों में 11 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा कर दी है।

जम्मू में अब तक का सबसे गर्म दिन
जम्मू में मंगलवार को इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। पारा 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार शहर के तापमान में पिछले कुछ दिनों से इजाफा हो रहा है। उन्होंने बताया कि शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम यानी 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कटरा में भी भीषण गर्मी
माता वैष्णो देवी की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिये आधार शिविर रियासी जिला स्थित कटरा शहर जम्मू संभाग का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार तक शुष्क मौसम रहने का पूर्वानुमान जताया है। दूसरी ओर राजस्थान के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और गर्म हवाओं के चलने से आम जनजीवन प्रभावित रहा। बीकानेर में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लू की चपेट में रास्थान!
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों में पश्चिमी राजस्थान लू की चपेट में रहेगा। श्रीगंगानगर-जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45.2-45.2 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 45.1 और कोटा में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के मुताबिक बाड़मेर में अधिकतम तापमान 44.6, जोधपुर में 44.5, अजमेर में 43.5, और राजधानी जयपुर में 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।