एक्शन मोड में शीला दीक्षितः जिला व ब्लॉक पर्यवेक्षकों की नियुक्ति

-प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित ने जारी की 14 जिला व 280 ब्लॉक पर्यवेक्षकों की सूची
-पर्यवेक्षकों की सिफारिश पर जल्द ही की जाएगी जिला व ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस हरकत में आ गई है। शुक्रवार को जहां एक ओर प्रदेश महिला कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। दूसरी ओर पूर्व सीएम और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित ने शुक्रवार को ही 14 जिलों और 280 ब्लॉक के पर्यवेक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। इसकी जानकारी दिल्ली कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए दी गई है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पर्यवेक्षकों की बैठक का भी आयोजन किया गया।
दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले शीला दीक्षित का यह बड़ा कदम माना जा रहा है। दिल्ली कांग्रेस में लंबे समय से बदलाव की मांग उठ रही थी। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही 14 जिलों और 280 ब्लॉक अध्यक्षों की भी नियुक्ति कर दी जाएगी। बता दें कि अभी हाल में ही शीला दीक्षित ने 14 जिलों और 280 ब्लॉक समितियों को भंग कर दिया था।
पर्यवेक्षकों की बैठक का आयोजनः
शुक्रवार को 14 जिला कांग्रेस कमेटियों के पर्यवेक्षकों की पहली बैठक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में हुई, जो सभी 280 ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की नियुक्ति को 10 दिनों में सुनिश्चित करेंगे। कांग्रेसी नेताओं का दावा है कि कांग्रेस पार्टी ने आने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी की शुरुआत कर दी है। बैठक में मौजूद नव नियुक्त पर्यवेक्षकों में दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री डॉ एके वालिया, मंगत राम सिंघल, रमाकांत गोस्वामी, डॉ किरण वालिया और डॉ नरेन्द्र नाथ, पूर्व विधायक हसन अहमद, चौ. मतीन अहमद, जितेन्द्र कुमार कोचर, रोहित मनचंदा, सीपी मित्तल, राजेन्द्र शर्मा, चरणजीत राय, सुभाष भारद्वाज और देशराज चौधरी शामिल हुए।
शनिवार 13 जुलाई को सायं 4 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ब्लाक कांग्रेस कमेटी के सभी 280 पर्यवेक्षकों की बैठक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में नए ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया के लिए बुलाई गई है।