महिला कांग्रेस का मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

-पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का विरोध
-महिला कांग्रेस ने किया भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन

टीम एटूजैड/नई दिल्ली
दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी के नेतृत्व में यह प्रदर्शन केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साईज़ ड्यूटी बढाये जाने के खिलाफ किया गया। दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय पर कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में शामिल होकर अपना विरोध जताया।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने दूसरे टर्म के शुरुआती बजट में ही पेट्रोल पर 2.50 रुपये और डीजल पर 2.30 रुपये की प्रति लीटर एक्साईज़ ड्यूटी बढ़ा दी है। मोदी सरकार का जनविरोधी रवैये का खुलासा इस बात से होता है कि केन्द्र सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के शुरुआत में ही गरीब, मध्यम वर्ग और आम लोगों की जेब पर डाका डालना शुरु कर दिया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार कॉर्पोरेट कम्पनियां जो 400 करोड़ से अधिक का कारोबार कर रही है उनको 25 प्रतिशत से 30 प्रतिशत तक को आयकर घटाकर राहत दे रही है और दूसरी ओर मोदी सरकार ने आम लोग विशेष रुप से सार्वजनिक परिवहन, दोपहिया वाहन का उपयोग करने वाले, छोटे किसान जो पम्प आदि डीजल से चलते है इन पर सरकार टैक्स का अतिरिक्त बोझ डालकर अपनी तिजोरी भरेगी।
कच्चा तेल सस्ता फिर भी पेट्रोल-डीजल महंगाः
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की दरों में रिकॉर्ड तोड़ कमी होने के बावजूद मोदी सरकार के कार्यकाल में पेट्रोल और डीजल की दरों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मोदी सरकार के पिछले 5 वर्षों के कार्यकाल में पेट्रोल पर एक्साईज़ ड्यूटी 211 प्रतिशत और डीजल पर एक्साईज ड्यूटी 443 प्रतिशत बढ़ाई गई। यह अतिरिक्त बढ़ोतरी का देश भर के गरीब और आम जनता पर पड़ा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ौतरी का परिणाम पूरी तरह खाद्य व मुद्रा स्फति पर पड़ता है जिससे गृहणियों का सीमित बजट बहुत अधिक प्रभावित होता है।
सीतारामन को नहीं महिलाओं से मोहः
शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि निर्मला सीतारमन पहली महिला वित्त मंत्री है जिन्होंने इंदिरा गांधी के बाद केन्द्रीय बजट पेश किया है, इन्हें महिलाओं के प्रति सहानुभूति होनी चाहिए। इनके बजट में महिलाओं के लिए कुछ भी प्रर्याप्त नही है बल्कि अतिरिक्त कर लगाकर उनकी समस्याऐं अधिक बढ़ाई है।
केजरीवाल सरकार पर भी साधा निशानाः
शर्मिष्ठा मुखर्जी ने केजरीवाल सरकार पर पेट्रोल और डीजल पर वेट कम करने से इंकार का आरोप लगाया। केजरीवाल सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षो में पेट्रोल पर वेट की दर 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी की और डीजल पर वेट की 16.75 प्रतिशत की बढ़ोतरी की। केजरीवाल सरकार को अतिरिक्त एक्साईज और वैट दरों पर टैक्सों का फायदा हो रहा है और केजरीवाल सरकार इस मामले पर चुप है। शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि आम आदमी पार्टी और भाजपा सरकार दोनो नूरा कुश्ती करते रहते है पंरतु जब मिलकर दिल्ली के गरीब करदाताओं को लूटने की बात आती है तो दोनो पार्टियां आपस में एक दूसरे का सहयोग करती है।