साध्वी प्रज्ञा को दिखाया डिफेंस कमेटी से बाहर का रास्ता

-गोडसे को देश भक्त बताने पर मोदी सरकार की बड़ी कार्रवाई
-बीजेपी में पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने पर हो रहा विचार

टीम एटूजेड/ नई दिल्ली
बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ मोदी सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताना साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को भारी पड़ा है। संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने साध्वी प्रज्ञा को रक्षा मंत्रालय की संसदीय समिति से बाहर निकाल दिया है। साथ ही संसद सत्र के दौरान होने वाले बीजेपी संसदीय दल की बैठकों से भी उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
भाजपाई सूत्रों के मुताबिक साध्वी प्रज्ञा के खिलाफ पार्टी की अनुशासन समिति बड़ी कार्रवाई पर विचार कर रही है। जल्दी ही प्रज्ञा को पार्टी से निष्कासित किया जा सकता है। भाजपा के कार्यवाहक अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि संसद में दिया गया उनका बयान निंदनीय है। बीजेपी इस तरह के बयान या विचारधारा का समर्थन नहीं करती।
गोडसे को बताया देशभक्तः
लोकसभा में एसपीजी अमेंडमेंट बिल पर चर्चा के दौरान डीएमके सांसद ए. राजा ने गोडसे के एक बयान का हवाला दिया था। उन्होंने कहा कि गोडसे ने महात्मा गांधी को क्यों मारा तो साध्वी प्रज्ञा ने उन्हें टोक दिया। साध्वी ने कहा कि आप एक देशभक्त का उदाहरण नहीं दे सकते। बता दें कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान को लोकसभा के रिकॉर्ड से हटा दिया गया।
प्रियंका ने साधा निशानाः
साध्वी प्रज्ञा के बयान पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। प्रियंका ने कहा कि आज देश की संसद में खड़े होकर बीजेपी की एक सांसद ने गोडसे को देशभक्त बोल ही दिया। अब प्रधानमंत्री जी से अनुरोध है कि दिल से बता दें कि गोडसे के बारे में उनके क्या विचार हैं? महात्मा गांधी अमर हैं।
पहले भी बताया गोडसे को देशभक्तः
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने नाथूराम गोडसे को पहली बार देशभक्त नहीं बताया है। इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने नाथूराम गोडसे को देशभक्त कहा था। प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान पर उस समय भी पीएम मोदी ने नाराजगी जताई थी। पीएम मोदी ने उस समय कहा था कि भले ही इस मामले में साध्वी प्रज्ञा ने माफी मांग ली हो पर मैं अपने मन से उन्हें कभी माफ नहीं कर सकूंगा।