हरियाणा कांग्रेसः सांपला से हुड्डा और कैथल से लड़ेंगे सुरजेवाला

-विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की अपने 84 उम्मीदवारों की सूची
-पूर्व सीएम भजन लाल के दोनों बेटों कुलदीप बिश्नोई व चंद्र मोहन को टिकट

टीम एटूजेड/नई दिल्ली
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी 84 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने केवल एक मौजूदा विधायक का टिकट काटा है। कांग्रेस की केन्द्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी सूची के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला किलोई सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला को कैथल से विधानसभा चुनाव में उतारा गया है। कांग्रेस ने अपने 17 मौजूदा विधायकों में से केवल रेणुका विश्नोई को उम्मीदवार नहीं बनाया है। रेणुका अभी हांसी से विधायक हैं।
दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के दोनों बेटों कुलदीप विश्नोई और चंद्र मोहन को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है। कुलदीप विश्नोई हिसार की आदमपुर सीट से और उनके भाई व पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्र मोहन पंचकुला से चुनाव लडेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री बंसी लाल के बेटे रणवीर महिंद्रा बधरा से और पुत्रवधू किरण चौधरी तोशाम से अपनी किस्मत आजमाएंगे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा को कांग्रेस ने ने गनौर सीट चुनाव मैदान में उतारा है। खास बात है कि 84 उम्मीदवारों की सूची में हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के नाम शामिल नहीं हैं।
महाराष्ट्र के लिए 20 उम्मीदवारों की तीसरी सूचीः
हरियाणा के साथ ही कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 20 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही कांग्रेस ने महाराष्ट्र के लिए अब तक 123 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। महाराष्ट्र की 288 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए हरियाणा के साथ ही 21 अक्टूबर को मतदान होगा। कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।