हरियाणाः इनेलो व बसपा ने की उम्मीदवारों की घोषणा

-इंडियन नेशनल लोकदल ने जारी की 64 उम्मीदवारों की सूची
-बहुजन समाज पार्टी ने दो सूची में की 68 उम्मीदवारों की घोषणा

टीम एटूजेड/नई दिल्ली
हरियाणा विधानसभा चुनाव में ज्यादातर राजनीतिक दल अलग अलग चुनाव लड़़ रहे हैं। इंडियन नेशनल लोकदल और बहुजन समाज पार्ट ने भी अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इनेलो ने अपनी पहली सूची में 64 और बसपा ने अब तक दो सूचियों में 68 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।
इनेलो ने उतारे 64 उम्मीदवारः
हरियाणा विधानसभाचुनाव में इंडियन नेशनल लोकदल भी चुनाव मैदान में है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने अपने 64 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और ऐलनाबाद से विधायक अभय चौटाला इस बार भी एलनाबाद से ही अपनी किस्मत आजमाएंगे। इनेलो अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला की अध्यक्षता में दिल्ली में पार्टी की चुनाव समिति की बैठक हुई। जिसके बाद उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई।
पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष बीडी ढालिया ने कहा कि पहली सूची में 12 महिलाओं के नाम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी ने समाज के विभिन्न वर्गों का ख्याल रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया है। पूर्व विधायक दिलबाग सिंह यमुनानगर से चुनाव लड़ेंगे। ओ पी चौटाला ने 25 सितंबर को घोषणा की थी कि पार्टी टिकट वितरण में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देगी। आम प्रकाश चौटाला अभी शिक्षक भर्ती घोटाले में जेल की सजा काट रहे हैं। लेकिन फिलहाल पैरोल पर जेल से बाहर हैं।
बसपा ने उतारे 27 उम्मीदवारः
हरियाणा विधानसभा चुनाव की बहती गंगा में हाथ धोने के लिए बहुजन समाज पार्टी भी उतर आई है। बसपाने अपने 27 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में दो महिलाओं के नाम शामिल हैं। इससे पहले मायावती के नेतृत्व वाली बसपा ने पहली सूची में 41 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। हरियाणा की 90 सदस्यों वाली विधानसभा के लिये 21 अक्टूबर को मतदान होगा और 24 अक्टॅबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे।