कांग्रेस में बड़ा बवाल… 5 करोड़ में टिकट बेचने का सवाल!

-पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर का आरोप 5 करोड़ में बेची सोहना सीट
-अशोक तंवर ने किया कांग्रेस मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन, धरने पर बैठे
-विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में बड़ी बगावत, दिल्ली में जमावड़ा

टीम एटूजेड/नई दिल्ली
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस का अंदरूनी घमासान सड़कों परआ गया है। पार्टी नेताओं के बीच का झगड़ा बुधवार को पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की चौखट तक पहुंच गया। हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर बुधवार को दोपहर करीब 3 बजे नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करने पर उतर आए। तंवर ने आरोप लगाया कि हरियाणा की सोहना विधानसभा सीट को 5 करोड़ रुपए में बेचा गया है।
तंवर विधानसभा चुनाव के लिए हुए टिकट बंटवारे से बेहद नाराज हैं। उन्होंने कहा कि बीते पांच सालों में जिन्होंने पार्टी के लिए काम किया उन्हें टिकट बंटवारे में अनदेखा किया गया है। जिन्होंने पार्टी के खिलाफ काम किया उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने तवज्जो दी है। वह बुधवार को पार्टी मुख्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।
तंवर ने कड़े शब्दों में आरोप लगाया कि सोहना विधानसभा सीट को 5 करोड़ रुपए लेकर बेचा गया है। उन्होंने कहा कि हम हर हाल में परिस्थितियों को संभालेंगे। अशोक तंवर ने यह भी कहा कि राज्य में बीते 5 सालों में मैंने पार्टी को अपने खून-पसीने से सींचा है। राजस्थान में नेतृत्व को खत्म किया जा रहा है। ऐसे लोगों को टिकट क्यों दिए जा रहे हैं जो पहले कांग्रेस की आलोचना करते थे और अब कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
तंवर ने आरोप लगाया कि पिछली बार भी ऐसा ही किया गया था। यही कारण है कि हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी। आज 14 कांग्रेसी भाजपा के विधायक हैं। इसी तरह 7 कांग्रेसी आज भाजपा के सांसद हैं। बीजेपी की ओर से मुझे 3 महीने में 6 बार पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया गया, लेकिन मैं नहीं गया और कभी नहीं जाउंगा।
दो वरिष्ठ नेताओं ने एक दिन पहले ही छोड़ी कांग्रेसः
टिकट बंटवारे से एक दिन पहले ही पूर्व सहकारिता मंत्री व कांग्रेस नेता सतपाल सांगवान और पूर्व राज्यसभा सांसद ईश्वर सिंह ने कांग्रेस का दामन छोड़ दिया था। यह दोनों नेता मंगलवार को दिल्ली में दुष्यंत चौटाला की मौजूदगी में जेजेपी में शामिल हो गए थे। ईश्वर सिंह ने कहा कि वह दुष्यंत चौटाला के व्यक्तित्व की वजह से जेजेपी में आए हैं। ईश्वर सिंह ने कहा कि कांग्रेस में आलाकमान जैसी कोई बात नहीं है। मैं 40 साल कांग्रेस में रहा हूं। इसी दौरान सतपाल सांगवान ने कहा कि मैंने हुड्डा के लिए बहुत कुछ किया है। लेकिन अब कांग्रेस में कुछ बाकी नहीं रहा।