अब महराष्ट्र में भी 30 अप्रैल तक लॉकडाउन

-मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने किया ऐलान
-राज्य में लगातार बढ़ रहे कोरोना के शिकार

टीम एटूजैड/ मुंबई
ओडिशा और पंजाब के बाद अब महाराष्ट्र सरकार ने भी राज्य में लॉकडाउन का समय 30 अप्रेल तक बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शनिवार को इसका ऐलान किया। ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में लॉकडाउन 30 अप्रैल तक जारी रहेगा। हम ऐसे मुश्किल हालात में भी देश को रास्ता दिखाने से पीछे नहीं हटेंगे। राज्य में कोरोना वायरस के अब तक 1 हजार 874 मामले सामने आए हैं और यहां 110 मरीजों की मौत हो चुकी है।
शनिवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि सोमवार को महाराष्ट्र में कोरोना का पहला मामला मिले 5 हफ्ते हो जाएंगे। हालांकि आज हम कह सकते हैं कि हमने कोरोना के कई गुना बढ़ने पर काफी हद तक रोक लगाई है। कोरोना वायरस ने पूरे देश में सबसे ज्यादा महाराष्ट्र को प्रभावित किया है। शनिवार तक राज्य में 1 हजार 874 मरीज मिले हैं जिनमें से करीब 188 मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।
मुंबई में एक हजार मरीज
महाराष्ट्र में मुंबई शहर कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को यहां एक ही दिन में सिर्फ मुंबई में कोरोना के 218 नए मामले सामने आए थे। इस दौरान कोरोना के 10 मरीजों ने दम तोड़ दिया है। अब तक मुंबई शहर में ही कुल 64 लोगों की कोरोना के चलते मौत हो चुकी है। शुक्रवार तक मुंबई में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 993 हो गई थी।
ओडिशा-पंजाब में बढ़ा लॉकडाउन
महाराष्ट्र से पहले ओडिशा सरकार और पंजाब सरकार ने भी लॉकडाउन का समय बढ़़ाकर 30 अप्रैल कर दिया है। शनिवार शाम तक देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 7 हजार 447 हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अगर समय रहते लॉकडाउन का फैसला नहीं लिया जाता तो देश में अब तक स्थिति बहुत खराब हो सकती थी और कोरोना के मामलों की संख्या 2 लाख तक पहुंच गई होती।
धारावी में तेजी से बढ़ा कोरोना
मुंबई शहर का धारावी इलाका हजारों झुग्गी-झोपड़ियों और लाखों की आबादी वाला है। धारावी इलाके में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। शनिवार को 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के साथ ही धारावी में इस जानलेवा वायरस से मरने वालों की संख्या 4 हो गई। वहीं 6 नए केस मिलने से यहां अब तक कोरोना के 28 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं।