MCD: भ्रष्टाचार मामले में एक और अधिकारी CBI की गिरफ्त में

-2 लाख की नकदी के साथ दबोचा, दो दिन में चैाथी गिरफ्तारी

हीरेंद्र सिंह राठौड़/ 17 सितंबर, 2026।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के भ्रष्टाचारी कर्मियों के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का ‘सफाई अभियान’ लगातार जारी है। बुधवार को तीन लोगों की गिरफ्तारी और 25 लाख रूपये से ज्यादा की बरामदगी के बाद गुरूवार को भी गिरफ्तारियों का सिलसिला जारी रहा। सीबीआई ने गुरूवार को एमसीडी के विज्ञापन विभाग के एक और अधिकारी को सिविक सेंटर से नकदी के साथ गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई अधिकारी सिविक सेंटर स्थित विज्ञापन विभाग से कंप्यूटर और दूसरे दस्तावेज भी अपने साथ लेकर गये हैं।
सीबीआई के द्वारा गुरूवार को गिरफ्तार किये गये अधिकारी का नाम वेद प्रकाश बताया जा रहा है। वेद प्रकाश एमसीडी के विज्ञापन विभाग के सेंट्रल जोन में इंस्पेक्टर है। इसका नाम भी उसी एफआईआर में शामिल है जिसमें बुधवार को गिरफ्तार किय गये एमसीडी के एसएसए अनिल खत्री और अन्य लोगों का नाम है। वेदप्रकाश को सीबीआई ने दो लाख रूपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया है।
बता दें कि बुधवार को सीबीआई ने सिविक सेंटर के पार्किंग और 25 वीं मंजिल पर स्थित विज्ञापन विभाग के कार्यालय में छापेमारी करके एमसीडी के दो जोन के इंसपेक्टर अनिल खत्री, मै. नक्श क्रियेटर्स प्रा. लि. के निदेशक अनंत शर्मा और इसी एजेंसी के प्रतिनिधि दिलीप पटेल को 15 लाख रूपये की घूस के लेनदेन में 25 लाख रूपये से ज्यादा की नकदी के साथ गिरफ्तार किया था।
निजी कंपनी को नियमों के विरूद्ध निजी फायदा पहुंचाने के लिए मांगी थी बड़ी रकम
सीबीआई के द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के मुताबिक 16.09.2026 को दर्ज की गई एफआईआर के मुताबिक एमसीडी के विज्ञापन विभाग में तैनात एरिया इंसपेक्टर अनिल खत्री और वेद प्रकाश ने मै. नक्श क्रियेटर्स प्राइवेट लि. के निदेश अनंत शर्मा को फोन करके उसे नियमों के विरूद्ध काम के बदले में लाखों रूपये की मांग की गई थी। उसी रकम को देने के लिए अनंत शर्मा और उसका सहायक दिलीप पटेल बुधवार को सिविक सेंटर आये थे। उसी दौरान सीबीआई ने तीनों को छापेमारी करके रंगे हाथों नकदी के साथ गिरफ्तार कर लिया था।