‘AAP पार्षद विजय कुमार की धोखाधड़ी का शिकार…सफाई कर्मी की आत्महत्या के लिए AAP जिम्मेदार’: BJP

-दिवंगत सफाईकर्मी दीपक को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़ने के लिए बीजेपी की चार सस्यीय टीम को साधुवादः हर्ष मल्होत्रा

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली 17 सितम्बर।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने गुरूवार को एक पत्रकार वार्ता में आम आदमी पार्टी के त्रिलोकपुरी से निगम पार्षद विजय कुमार पर दिल्ली नगर निगम के एक सफाई कर्मी दीपक से आर्थिक धोखाधड़ी करने एवं उसे आत्महत्या करने को मजबूर करने का आरोप लगाते हुए दर्ज पुलिस एफ.आई.आर. को सार्वजनिक करते हुए कहा की इस दुखद घटना ने आम आदमी का दोहरा एवं काला चेहरा उजागर कर दिया है। पत्रकार वार्ता में मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर ने कहा कि आज दिल्ली की जनता चाहती है कि एक सफाई कर्मी को आत्महत्या को बाध्य करने वाले पार्षद विजय कुमार पर ‘आप’ नेता तुरंत कार्रवाई करें।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि निगम के सफाई कर्मी दीपक विगत अनेक वर्ष से त्रिलोकपुरी वार्ड में कार्यरत थे और अपने परिवार के लिए मकान बनाने चाहते थे और उन्होने वार्ड के ‘आप’ पार्षद विजय कुमार से मदद मांगी। लगभग एक वर्ष पूर्व ‘आप’ पार्षद विजय कुमार ने तुरंत दिवंगत दीपक को मकान दिलाने के सपने दिखाते हुए 15 लाख रूपए का ऋण दिलवा कर अपने खाते में ट्रांसफर कर दिया और उनकी साइन बैंक चैक बुक लेकर अपने पास रख ली। इन साइन चैकों से पार्षद गत 9-10 माह से हर माह दिवंगत दीपक का वेतन भी निकाल लेते थे।
परेशान दिवंगत दीपक विगत अनेक माह से पार्षद विजय कुमार से मकान दिलवाने या पैसा वापस करने को कहते थे तो वह उन्हे ट्रांसफर कराने की धमकी देने लगा और साथ ही 25 प्रतिशत यानि प्रति लाख 25000 रूपए की कमीशन मांगने लगा। एक तरफ रूपया खोने एवं दूसरी ओर घर चलाना असम्भव होने से टूटे दिवंगत दीपक उदास रहने लगे और परिजनों एवं मित्रों से कहने लगे की अगर मुझे कुछ हो गया तो उसके लिए ष्आपष् पार्षद विजय कुमार जिम्मेदार होंगे।
अन्ततः घर की आर्थिक दुर्दशा से परेशान सफाई कर्मी दीपक ने विगत 1 सितम्बर को आत्महत्या कर ली और पार्षद विजय कुमार परिवार को डराते धमकाते रहे। हर्ष मल्होत्रा ने कहा की लगभग 7-8 सितम्बर को मामला क्षेत्र के भाजपा नेताओं के संज्ञान में आया तो विधायक रविकांत एवं रविन्द्र नेगी, पार्षद प्रियंका गौतम एवं पूर्व उपमहापौर राजकुमार ढ़िल्लो ने एक टीम बना कर परिवार से सम्पर्क किया, उन्हे ढ़ाढ़स बंधा कर पुलिस में शिकायत देने की हिम्मत दी और अंततः 14 सितम्बर 2026 को दिल्ली पुलिस ने एफ.आइ.आर. दर्ज करके जांच प्रारम्भ की है। शीघ्र ही ‘आप’ पार्षद विजय कुमार की गिरफ्तारी सम्भव है।