नए क्रिकेट नियमों से पहले DDCA अंपायरों की MCC कार्यशाला

-एमसीसी के लॉज ऑफ क्रिकेट ऐप का हिंदी संस्करण लॉन्च

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 30 सितंबर।
क्रिकेट के संशोधित नियम 1 अक्टूबर से लागू होने से पहले दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने अपने अंपायरों के लिए मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के सहयोग से विशेष कार्यशाला आयोजित की। एमसीसी के हेड ऑफ क्रिकेट फ्रेजर स्टीवर्ट और जॉनी सिंगर ने अंपायरों को नए नियमों और उनके व्यावहारिक इस्तेमाल की जानकारी वीडियो उदाहरणों के जरिए दी। कार्यशाला में सवाल-जवाब का सत्र भी रखा गया था।
इस अवसर पर एमसीसी के लॉज ऑफ क्रिकेट ऐप का हिंदी संस्करण भी लॉन्च किया गया। एमसीसी ने उर्दू, बंगाली और कन्नड़ सहित अन्य भारतीय भाषाओं में भी क्रिकेट के नियम उपलब्ध कराए हैं।
डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा कि नए नियमों के लागू होने से पहले अंपायरों के लिए उनके बदलाव और व्यावहारिक इस्तेमाल को समझना जरूरी है। डीडीसीए निदेशक श्याम शर्मा ने कहा कि कार्यशाला से दिल्ली के अंपायरों को नवीनतम नियमों की जानकारी हासिल करने और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपनी समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।
संशोधित नियमों में महिला और जूनियर क्रिकेट में इस्तेमाल होने वाली गेंद, बल्ले की विशिष्टताओं, बहुदिवसीय मैच में दिन के अंतिम ओवर, बाउंड्री कैच, ओवरथ्रो, डेड बॉल और विकेटों के बीच दौड़ सहित कई प्रावधानों में बदलाव और स्पष्टीकरण शामिल हैं।