महापौर प्रवेश वाही ने किया स्वामी दयानंद अस्पताल का निरीक्षण

-अस्पताल में किया प्रतीक्षा कक्ष का उदघाटन

एसएस ब्यूरो/ पूर्वी दिल्लीः 15 मई।
दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को दिलशाद गार्डन स्थित स्वामी दयानंद अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने रोगियों से बातचीत कर अस्पताल में दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। रोगियों ने अस्पताल में डॉक्टरों के द्वारा दी जाने वाली चिकित्सा सुविधाओं एवं दवाओं की उपलब्धता पर संतुष्टि व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान शाहदरा (उत्तरी) क्षेत्र के अध्यक्ष पुनीत शर्मा, स्थानीय पार्षद वीर सिंह पंवार, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, शाहदरा (उत्तरी) क्षेत्र की उपायुक्त ममता यादव, स्वामी दयानंद अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनीता कुजूर सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
महापौर प्रवेश वाही ने बताया कि स्वामी दयानंद अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 4000 रोगी ओपीडी में आते हैं तथा अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। महापौर ने स्वामी दयानन्द अस्पताल में हीट वेव के चलते अतिरिक्त बिस्तरों के प्रावधान एवं ओआरएस व अन्य सुविधाओं को सराहा। महापौर श्री प्रवेश वाही ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया एवं उसे और बेहतर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर श्री प्रवेश वाही ने रोगियों के तीमारदारों के लिए नवनिर्मित वातानुकूलित प्रतीक्षा कक्ष का उदघाटन किया और प्रतीक्षा कक्ष में बैठने के लिए समुचित संख्या में बेंच लगाने के निर्देश दिए।
प्रवेश वाही ने अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रहने के लिए अच्छी व्यवस्था करने, अस्पताल के पार्क में वाटर स्प्रिंकलर लगाने, कूलर को साफ करके जनता की सुविधा के लिए इस्तेमाल करने के निर्देश दिये। महापौर ने आदेश दिया कि रात के समय डॉक्टरों से बात करने के लिए आपातकालीन नंबर दिया जाए ताकि निगम पार्षद एवं जनप्रतिनिधि सीधे डॉक्टर से बात कर सकें। महापौर ने कहा कि इस सुविधा से नागरिकों को काफी मदद मिलेगी।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली सरकार एवं केंद्र सरकार के सहयोग से स्वामी दयानंद अस्पताल में 100 बिस्तरों की गहन चिकित्सा इकाई के निर्माण की मंजूरी मिल गई है। इस चिकित्सा इकाई का निर्माण प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के अंतर्गत किया जाएगा।
गहन चिकित्सा इकाई में आईसीयू, नर्सरी, पी आईसीयू, इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर जैसी चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि इस इकाई के आरम्भ होने के पश्चात गहन चिकित्सा के रोगियों को दूसरे अस्पताल में रेफर नहीं किया जाएगा बल्कि उनका इलाज इसी अस्पताल में हो पाएगा। प्रवेश वाही ने कहा कि स्वामी दयानंद अस्पताल में बनने वाली गहन चिकित्सा इकाई के निर्माण से पूर्वी दिल्ली के नागरिकों को अपने घर के निकट ही बेहतर इलाज मिला पाएगा।