ऑस्ट्रेलियाई काउंसलर ने दिल्ली के महापौर से की मुलाकात

-सामुदायिक भागीदारी के महत्व पर हुई चर्चा

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 15 मई।
ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य की काउंसलर सुश्री शिवाली चैटली ने शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय में दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच वार्ड स्तर के विकास, नागरिक सुविधाओं, शहरी प्रशासन तथा स्थानीय शासन को सशक्त बनाने में नागरिक सहभागिता की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान उपमहापौर, डॉ मोनिका पंत व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में स्थानीय निकायों के कार्यप्रणाली एवं नागरिक सेवाओं की प्रभावी डिलीवरी सुनिश्चित करने में सामुदायिक भागीदारी के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। साथ ही स्वच्छता, जनभागीदारी, आधारभूत संरचना की योजना एवं शहरी विकास के विभिन्न मॉडलों से संबंधित विषयों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया।
इस अवसर पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि विश्वभर में रहने वाले भारतीयों को भारत की समृद्ध संस्कृति, विरासत एवं विकास की उपलब्धियों को वैश्विक स्तर पर निरंतर बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत तीव्र गति से एक वैश्विक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है तथा आर्थिक विकास, आधारभूत संरचना और सुशासन के क्षेत्र में विश्वभर में नई पहचान बना रहा है।
महापौर ने आगे कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की सकारात्मक छवि को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा सांस्कृतिक एवं सामाजिक जुड़ाव के माध्यम से देशों के बीच सेतु का कार्य किया है।
ऑस्ट्रेलियाई काउंसलर सुश्री शिवाली चैटली ने दिल्ली के महापौर से मुलाकात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शहरी प्रशासन एवं नागरिक सेवाओं से जुड़े अनुभवों को साझा करना अत्यंत उपयोगी रहा। उन्होंने कहा कि भले ही वह वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में सेवाएं दे रही हैं, लेकिन उनकी जड़ें भारत, विशेष रूप से पंजाब, से जुड़ी हुई हैं।
सुश्री चैटली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास और परिवर्तन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने भारत में आधारभूत संरचना के तेजी से हो रहे विकास, जनकल्याणकारी पहलों तथा वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा की सराहना की।
दोनों नेताओं ने बैठक का समापन सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूत करने, स्थानीय शासन में श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान तथा शहरी विकास एवं नागरिक-केंद्रित प्रशासन के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता के साथ किया।