उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने की पशु चिकित्सा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता

-पशु चिकित्सा विभाग आवारा पशुओं की रोकथाम हेतु कार्य योजना जल्द से जल्द दे, आवारा कुत्तों के बंध्याकरण से संबंधित प्रयासों का ब्यौरा देंः उप महापौ

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 15 मई।
उप महापौर डॉ. मोनिका पंत की अध्यक्षता में शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम के पशु चिकित्सा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त संजीव कुमार मित्तल सहित पशु चिकित्सा विभाग और 12 क्षेत्रों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को आवारा पशुओं की रोकथाम एवं विभाग द्वारा किए जाने वाले कार्यों की कार्य योजना जल्द से जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सा विभाग का प्रमुख कार्य आवारा पशुओं की रोकथाम एवं आवारा कुत्तों के बंध्याकरण है तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उप महापौर डॉ.मोनिका पंत ने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों को आवारा पशुओं से निजात दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाए तथा एक योजना बना कर इस समस्या का समाधान किया जाए। पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने उप महापौर को स्टाफ की कमी के बारे में अवगत कराया जिसके बारे में डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत कर इस समस्या का समाधान किया जाएगा।