-भाजपा शासित एमसीडी की नाक के नीचे बिना फायर एनओसी के किसके संरक्षण में चल रहा था होटल?: अंकुश नारंग
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 03 जून 2026!
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने मालवीय नगर अग्निकांड के लिए भाजपा शासित एमसीडी की लापरवाही और भ्रष्टाचार को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि मालवीय नगर अग्निकांड में 21 में से 17 विदेशी लोगों की मौत हुई और 40 से ज्यादा लोग घायल हैं। लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट और होटल फ्लोरिस स्टे में 6 कमरों की अनुमति थी, लेकिन अवैध रूप से 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे। न फायर एनओसी थी और न ही फायर एग्जिट। ऐसे में सवाल है कि भाजपा शासित एमसीडी की नाक के नीचे यह सब किसके संरक्षण में चल रहा था। उन्होंने ने एमसीडी के मेयर और निगमायुक्त से मांग की कि संबंधित अधिकारी डीएचओ और एमएचओ को तत्काल निलंबित किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
अंकुश नारंग ने कहा कि आज फिर भाजपा और एमसीडी के अधिकारियों के भ्रष्टाचार की वजह से 21 लोगों की जान गई है और 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट एमसीडी के सारे नियमों का उल्लंघन करते हुए चलाया जा रहा था। इसी के ऊपर फ्लोरेंस स्टे के नाम से एक होम स्टे था, जहां एमसीडी ने मात्र छह कमरों की परमिशन दी थी, जबकि वहां 25 कमरे चल रहे थे। भाजपा का भ्रष्टाचार दिन-प्रतिदिन लोगों की जान ले रहा है।
अंकुश नारंग ने याद दिलाया कि मैंने 9 और 10 दिसंबर 2025 को एमसीडी कमिश्नर और महापौर को चिट्ठी लिखकर चेतावनी दी थी कि जो अग्निकांड गोवा में हुआ है, वह दिल्ली में भी हो सकता है। मैंने दिल्ली के सारे रेस्टोरेंट और होम स्टे के लाइसेंस एक बार चेक करने का आग्रह किया था, ताकि पता चल सके कि कहीं एमसीडी के नियमों का उल्लंघन तो नहीं हो रहा है। लेकिन एमसीडी के कान पर जूं तक नहीं रेंगी और अधिकारी अपनी जेबें भरते रहे। यह साउथ जोन का दूसरा हादसा है और आज मालवीय नगर में 21 लोगों की मृत्यु हो गई। वहां फायर सेफ्टी के नियमों का उल्लंघन किया गया था और कोई फायर एग्जिट भी नहीं था। पूरी बिल्डिंग में आग लग गई और लोग जलकर बिल्डिंग के ऊपर से नीचे गिरे। इसके लिए भाजपा को शर्म आनी चाहिए।
अंकुश नारंग ने आगे कहा कि अंदेशा है इस अग्निकांड में कई विदेशी नागरिक भी हताहत हुए हैं। इससे विदेश में भारत की क्या छवि बन रही है? लोग यही कहेंगे कि भाजपा शासित एमसीडी और भाजपा की चार इंजन वाली सरकार इस देश में आने वाले विदेशी लोगों की जान की भी सुरक्षा नहीं कर सकती। इन मौतों के लिए एमसीडी के डीएचओ, एमएचओ, महापौर और कमिश्नर जिम्मेदार हैं। वे सारे अधिकारी और नेता इसके लिए समान रूप से जिम्मेदार हैं, जो एमसीडी के नियमों का उल्लंघन करवाकर लोगों की जान के साथ खेल रहे हैं।
अंकुश नारंग ने बताया कि हाल ही में साकेत में एक बिल्डिंग गिरने का हादसा हुआ था और अब मालवीय नगर में आग लगने की यह दर्दनाक घटना हुई है। भाजपा को शर्म आनी चाहिए क्योंकि दिल्ली की जनता यह सब देख रही है। वे लगातार लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।


