लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा में कबूतरबाजी

सिंगर दलेर मेहंदी फिर से पार्टी में शामिल

टीम एटूजैड/नई दिल्ली
पार्टी में कबूतरबाजी को लेकर दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कशमकश में हैं। लोकसभा चुनाव में पार्टी को दो पैराशूट उम्मीदवार मिले हैं। जिनमें पूर्वी दिल्ली से क्रिकेटर गौतम गंभीर और उत्तर पश्चिमी दिल्ली से हंसराज हंस के नाम शामिल हैं। कबूतरबाजी के आरोपी रहे सिंगर दलेर मेहंदी एक बार फिर से भाजपा में शामिल हो गए हैं। बता दें कि दलेर मेहंदी उत्तर-पश्चिम दिल्ली से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे गायक हंसराज हंस के समधी हैं। दलेर के साथ हंसराज हंस के बेटे नवराज हंस भी शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। बता दें कि दलेर मेहंदी भाजपा में दोबारा शामिल हुए हैं। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित मीडिया के एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने दलेर मेहंदी को पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया।

2013 में हुए थे भाजपा में शामिल
सिंगर दलेर मेहंदी इससे पहले साल 2013 में भी भाजपा में शामिल हुए थे। उस समय दिल्ली में विधानसभा चुनाव हुए थे और इसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के सहयोग से दिल्ली में 49 दिन की सरकार बनाई थी। 2014 में लोकसभा चुनाव हुए थे, इसके बाद 2015 में दिल्ली में फिर से विधानसभा चुनाव हुए थी। 2015 में दलेर मेहंदी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस ने दलेर को विधानसभा चुनाव लड़ाने की पूरी तैयारी कर ली थी। लेकिन उसी समय दलेर मेहंदी लोगों को अवैध रूप से विदेश ले जाने के लिए कबूतरबाजी के आरोप में फंस गए थे। इसके चलते कांग्रेस ने उन्हें चुनाव लड़ाने हाथ खींच लिया था। अब एक बार फिर से दलेर भाजपा में शामिल हो गए हैं। लेकिन वह भाजपा में शामिल होने के बाद शुक्रवार को मीडिया से मुखातिब हुए बिना ही प्रदेश कार्यालय से चले गए।