दिल्लीः अब महिलाएं भरेंगी हुंकार

 

रविवार को रामलीला मैदान में भाजपा महिला मोर्चा की रैली

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली

तीन राज्यों में भाजपा सरकार जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश बनाए रखने के लिए दिल्ली भाजपा ने कमर कस ली है। दिल्ली प्रदेश भाजपा ने लगातार कार्यक्रमों की झड़ी लगा दी है। रविवार को दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा की ओर से राजधानी के रामलीला मैदान में ‘महिला हुंकार रैली’ का आयोजन किया जा रहा है। महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पूनम पराशर झा ने कहा कि दिल्ली में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। महिला सुरक्षा का वादा कर सत्ता में आई अरविंद केजरीवाल सरकार यहां की महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम साबित हुई है। आए दिन महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में बढ़ोतरी होती जा रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी ने चुनाव से पहले जो वादे किए थे उन्हें पूरा नहीं किया है।

रैली के बहाने चुनावी तैयारी

महिला हुंकार रैली के बहाने भाजपा दिल्ली में आने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी का बिगुल बजाने जा रही है। दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा ने अपनी रैली के लिए ‘महिलाओं ने ठाना है, मोदी जी को ही लाना है’ का नारा दिया है। रविवार को रामलीला मैदान में होने जा रही महिला हुंकार रैली को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और पार्टी के कई बड़े नेता और केंद्रीय मंत्री संबोधित करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी इस रैली में मौजूद रहेंगे।

हर मंडल से 500 महिलाएं लाने का लक्ष्य

महिला हुंकार रैली के लिए रामलीला मैदान में रविवार को हर मंडल से औसतन 500 महिलाएं लाने का लक्ष्य रखा गया है। दिल्ली में संगठनात्मक दृष्टि से पार्टी के 280 मंडल हैं। महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी विशाखा सैलानी ने बताया कि महिला कार्यकर्ताओं में रैली को लेकर भारी जोश है। महिलाओं को रामलीला मैदान में लाने के लिए हर मंडल में बसों की व्यवस्था की गई है।