सैकड़ों ई-रिक्शा चालक भाजपा में शामिल

– प्रदेश भाजपा कार्यालय पर पहुंचे भारी संख्या में ई-रिक्शा चालक

संतोष कुमार/नई दिल्ली
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान जारी है। रविवार को दिल्ली ई रिक्शा एकता मंच के सैकड़ों सदस्यों ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली। प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल एवं राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के सह संयोजक डॉ. इमरान चौधरी ने संबोधित किया। अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा ई-रिक्शा चालकों के साथ वादा खिलाफी करने और सुविधायें न देने की वजह से परेशान हो रहे सैकड़ो की संख्या में ई रिक्शा चालक प्रदेश कार्यलय पर भाजपा के समर्थन में एकत्रित हुये। इस मौके पर दिल्ली ई रिक्शा एकता मंच उपाध्यक्ष मो. कबीर खान, महामंत्री रंजित राज, जुगल किशोर, सुशील कुमार, मो. नूर आलम, मो. मुन्ना खान, मिस्सी, मो. जहीर, मो. नासिर, मो. चांद आदि मौजूद रहे।
दिल्ली ई रिक्शा एकता मंच के अध्यक्ष मो. अकबर राईन ने कहा कि ई रिक्शा चालकों से केजरीवाल सरकार ने चुनाव के समय वादा किया था कि चार्जिग स्पॉट व पार्किंग की सुविधा उनको दी जायेगी लेकिन 54 महीने के कार्यकाल बीत जाने के बाद भी आज तक एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। ई रिक्शा आज दिल्ली की लाईफलाइन बन चुके है लेकिन केजरीवाल सरकार की गलत नीतियों के कारण ई रिक्शा चालकों को सड़को पर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ई रिक्शा चलाने से उन युवाओं को रोजगार मिला है जो किन्ही कारणों से गलत राह पर चले गये थे लेकिन ई रिक्शा चलाने से उनकी जिन्दगी बदल गई।
राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के सह संयोजक डॉ. इमरान चौधरी ने कहा कि प्रदेश कार्यालय पर आयोजित सदस्यता अभियान के कार्यक्रम में ई रिक्शा चालकों की इतनी बड़ी संख्या का एकत्र होना यह सिद्ध करता है कि भाजपा की संगठन शक्ति व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लोगों का विश्वास और अधिक बढ़ गया है। ई रिक्शा चालक वो श्रमिक वर्ग है जो दिन रात मेहनत करके दो जून की रोटी जुटाता है लेकिन राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित वो देश के लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर देने से भी पीछे नहीं हटेगा ऐसा मेरा विश्वास है। विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी के साथ जुड़कर ई रिक्शा चालक देश निर्माण में अपनी भागीदारी देने के लिए तत्पर है।
देश भर में चल रहे संगठन पर्व सदस्यता अभियान के कार्यक्रम की शुरूआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी से की थी। जिसके बाद पूरे देश में भाजपा के संगठन पर्व सदस्यता अभियान के कार्यक्रमों में लोगों ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली है। प्रदेश भाजपा कार्यालय पर दिल्ली ई रिक्शा एकता मंच के बैनर तले ई रिक्शा चलाने वालों की एक बड़ी संख्या जो केजरीवाल सरकार की नीतियों के कारण अपने आप को दबा हुआ महसूस कर रही थी। जिनकी आवाज को केजरीवाल ने समय समय पर दबाने की कोशिश की उनका एक बड़ा जन समूह भाजपा में इसलिए सम्मिलित होना चाहता है कि उसको प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास है। केन्द्र सरकार के ऐतिहासिक व साहसिक निर्णयों से आज दिल्ली के लोग प्रभावित है और भाजपा की सदस्यता लेने के लिए वो स्वंय आगे आ रहे है जिसके कारण इस बार हम रिकोर्ड संख्या में सदस्य बनाने जा रहे है।