कर संग्रह बढ़ाने को स्थायी समिति अध्यक्ष ने की समीक्षा

-उत्तरी दिल्ली नगर निगम स्थायी समिति अध्यक्ष जय प्रकाश ने की अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
-नगर निगम का राजस्व बढ़ाने पर दिया गया जोर, संपत्ति कर के लिए करदाताओं तक पहुंच बनाने पर जोर

टीम एटूजैड/नई दिल्ली
राजधानी के तीनों नगर निगम फिलहाल पैसे की कमी का सामना कर रहे हैं। पूर्वी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली नगर निगमों की हालत ज्यादा खराब है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के स्थायी समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश ने गुरूवार को संपत्ति कर विभाग के अधिकारियों के साथ संपत्ति कर संग्रहण बढाने के लिए समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान संयुक्त कर निधार्रक एंव समाहर्ता एम.ए. रहमान व संपत्ति कर विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्थायी समिति अध्यक्ष जय प्रकाश ने कहा कि हम सभी जानते है कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम वित्तीय संकट से गुजर रहा है। इससे उबरने के लिए हमे अपना राजस्व बढाने की अत्यन्त आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संपत्ति कर निगम के लिए राजस्व अर्जित करने का मुख्य स्रोत है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बहुत सारे नागरिक अपना संपत्ति कर जमा करवाना चाहते हैं। मगर जानकारी के अभाव में नहीं करवा पाते। हमें ऐसे नागरिकों तक अपनी पहुच बनानी होगी ताकि उत्तरी दिल्ली नगर निगम का राजस्व बढ सके और निगम को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
डोर टू डोर… संपर्क करने पर जोर
स्थायी समिति अध्यक्ष जय प्रकाश ने कहा कि हम सबको मिलकर घर-घर जा कर लोगो को संपत्ति कर के बारे में बताना होगा कि उनके द्वारा दिए गए कर से उत्तरी दिल्ली नगर निगम नागरिकों के हित में विकास विकास कार्य करता है और उन्हें बेहतर सुविधाए देता है।