बालिकाओं ने पुलिस अधिकारीयों को बांधी राखी

-पुलिस मुख्यालय में छोटी बच्चियों ने दिया भाईचारे का संदेश
-बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत किया आयोजन

टीम एटूजैड/नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचकर छोटी बच्चियों ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों को राखी बांधकर भाईचारे का सांकेतिक संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत किया गया। इसमें विशेष रूप से पुलिस अधिकारियों द्वारा बच्चीयों को सुरक्षा मुहैया कराने का संदेश भी शामिल था। इन बच्चियों में खास कर पिछड़े वर्ग और दिव्यांग बच्चियां शामिल थीं। सामाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भारत धूपड़, नव्य सृजना, सलमान अंसारी, वान्या कंचन सिंह एवं अमृत राणा ने किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी में एडीशनल कमिश्नर एमएम तिवारी, ज्वाइंट कमिश्नर आलोक कुमार, आनंद मोहन, देवेश चंद्र श्रीवास्तव एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने बेटी बचाओ बेटी-पढ़ाओ अभियान को सराहनीय कदम बताया और अभियान को किसी भी तरह की मदद के लिए आगे आने का वादा किया।
बेटी बचाओ-बेटी पढाओ अभियान के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भारत धूपड़ ने कहा कि यह अभियान हमारे प्रधानमंत्री जी का सबसे खास अभियान है। जिसके तहत भ्रूण हत्या को रोकना, बच्चियों की देख-रेख, संतुलित आहार देकर पालन-पोषण करना, उन्हें पढ़ाई-लिखाई के लिए प्रेरित करके सुशिक्षित बनाना और सुरक्षा प्रदान करना मुख्य मकसद है। ताकि बच्चियां आत्मनिर्भर होकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ कर देश के विकास में अपना योगदान दे सकें।