8 घंटे में कटरा पहुंचेंगे श्रद्धालु

-नवरात्रों में शुरू हो रही देश की दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस
-3 अक्टूबर को गृहमंत्री अमित शाह करेंगे ट्रेन का उद्घाटन

टीम एटूजेड/ नई दिल्ली
भारतीय रेल इस बार नवरात्रों में माता वैष्णो देवी के भक्तों को विशेष तोहफा देने जा रही है। देश की दूसरी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली से कटरा के बीच चलेगी। गृहमंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन करेंगे। इस हाईस्पीड ट्रेन से दिल्ली और कटरा के बीच यात्रा का समय कम हो जाएगा। माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जाने वालों के लिए कटरा इस रास्ते का आखिरी रेलवे स्टेशन है। दिल्ली से कटरा जाने में फिलहाल 11 से 12 घंटे का समय लगता है। वंदे भारत ट्रन शुरू होने से यह समय घटकर आठ घंटे रह जाएगा। दिल्ली से कटरा के बीच वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल खत्म हो गया है। अब यह ट्रेन श्रद्धालुओं के लिए नवरात्र में शुरू की जाएगी।
ट्रेन की रफ्तार और स्थानः
वंदे भारत एक्प्रेस की रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटे के करीब है। देश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली से वाराणसी के बीच शुरू की जा चुकी है।
इस ट्रेन में 16 कोच लगाए गए हैं। जिनमें बैठने के लिए 1128 सीट हैं। सामान्य चेयर कार के 14 डब्बे लगाए गए है। जिनमें 936 सीट हैं, जबकि 2 एक्ज़िक्यूटिव चेयर कार लगाए गए हैं, जिनमें 104 सीट हैं।
परिचालन का समयः
वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली से सुबह 6 बजे चलेगी और दोपहर 2 बजे श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन पहुंचेगी। कटरा से वापसी में यह ट्रेन दोपहर बाद 3 बजे चलेगी और रात 11 बजे नई दिल्ली स्टेशन पर पहुंचेगी। नई दिल्ली से कटरा के बीच यात्रा के दौरान यह ट्रेन अंबाला कैंट, लुधियाना और जम्मूतवी रेलवे स्टेशनों पर रूकेगी। यात्रियों को दिल्ली कटरा के बीच 4 घंटे के समय की बचत होगी। जबकि अभी एक तरफ से 11 से 12 घंटे का समय लगता है।

कुछ ज्यादा चुकाना होगा किरायाः
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जाने के लिए लोगों को कुछ ज्यादा किराया चुकाना होगा। नई दिल्ली से कटरा तक का चेयर कार का किराया करीब 1,600 रुपये है। जबकि एक्ज़िक्यूटिव चेयर कार का किराया करीब 3,000 रुपये रखा गया है। हालांकि इस ट्रेन में बैठने के लिए ज्यादा जगह दी गई है और लोगों के आराम का पूरा ध्यान रखा गया है।