कोरोना का कहरः भारत के 75 जिलों में लॉकडाउन

-31 मार्च तक दिल्ली-एनसीआर में दिल्ली मेट्रो सेवा बंद
-6 की मौत, 370 तक पहुंची कोरोना के शिकारों की संख्या

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए भारत सरकार ने देश के 75 जिलों में लॉकडाउन के आदेश दिए हैं। केंद्र सरकार ने कोरोना से बचाव के लिए यह बड़ा फैसला लिया है। इन जिलों में 31 मार्च तक इन ट्रेन, बस और मेट्रो सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेंगी। खबर लिखे जाने तक देश में कोरोना से मौत का आंकड़ा 6 तक पहुंच गया है। महाराष्ट्र में जहां 63 साल के एक मरीज ने बीती रात दम तोड़ दिया वहीं बिहार में पटना के एम्स में एक 38 साल के व्यक्ति की बीती रात मौत हो गई।
भारत में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रविवार दोपहर 2.40 बजे तक देश में कोरोना के शिकार मरीजों की सख्ंया 370 तक पहुंच गई। इस बीच देश में 31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेनें रद्द कर दी गई है। भारतीय रेलवे के मुताबिक 31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेनों को रद कर दिया गया है। देश के तीन राज्यों में लॉकडाउन के आदेश दे दिए गए हैं। रविवार को पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 31 मार्च तक राज्य में लॉकडाउन का आदेश दिया हैं।
डीएमआरसी ने 31 मार्च तक बंद की मेट्रो सेवा
कोरोना वायरस से बचाव के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने दिल्ली-एनसीआर की मेट्रो रेल सेवा को 31 मार्च तक के लिए बंद रखने का ऐलान किया है। देशभर में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसके चलते डीएमआरसी ने यह फैसला किया है। यह फैसला रविवार को हुई बैठक में लिया गया।
इससे पहले डीएमआरसी ने फैसला लिया था कि रविवार को दिनभर की बंदी के बाद सोमवार को मेट्रो सिर्फ सुबह और शाम को ही चलाई जाऐगी। बताया गया था कि सोमवार को मेट्रो सुबह छह बजे से लेकर 10 बजे तक चलेगी और उसके बाद शाम में चार बजे से लेकर आठ बजे तक चलेगी। रेलवे ने अप्रत्याशित कदम उठाते हुए अपनी सभी यात्री सेवाएं 22 मार्च की आधी रात से 31 मार्च की आधी रात तक बंद रखने की रविवार को ऐलान कर दिया।