BIHAR: राजकीय विद्यालय जाफरपट्टी में भारतीय भाषा समर कैंप का आयोजन

-बच्चों ने की सक्रिय भागीदारी

एसएस ब्यूरो/राजापाकर, वैशाली।
राजकीय विद्यालय जाफरपट्टी में भारतीय भाषा समर कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने स्थानीय व्यंजन गतिविधि में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनीष कुमार ने बच्चों के जीवन में व्यावसायिक कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके लाभ एवं सीखने के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के नोडल प्रभारी सरोज कुमार दास एवं मधु कुमारी ने बच्चों को गतिविधि के लिए तैयार कराया। वहीं अन्य शिक्षकों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
परिसर में संचालित उच्च माध्यमिक विद्यालय जाफरपट्टी के प्रधानाध्यापक नंदना गौरव सहित सभी शिक्षकों ने बच्चों द्वारा तैयार व्यंजनों को खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके प्रयासों की सराहना की। यह आयोजन बच्चों में भाषा, संस्कृति एवं व्यावसायिक कौशल के विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।
(संवाददाता राजेन्द्र कुमार)