गांधी जयंती पर पदयात्रा के जरिए कांग्रेस में जान फूंकने की कोशिश!

-दिल्ली प्रदेश कांग्रेस निकालेगी प्रदेश कार्यालय से राजघाट तक पदयात्रा
-एकजुटता दिखाने को कांग्रेस के सभी मोर्चा होंगे पदयात्रा में शामिल

संजीव अरोड़ा / नई दिल्ली
राजधानी में अपनी सियासी जमीन तलाश रही कांग्रेस अब गांधी जयंती के मौके पर पदयात्रा के जरिए संगठन में जान फूंकने की कोशिश करेगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी 2 अक्टूबर को यह आयोजन करने जा रही है। महात्मा गांधी की 150 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में कांग्रेस पार्टी द्वारा डीपीसीसी कार्यालय राजीव भवन से राजघाट गांधी समाधि तक पदयात्रा का आयोजित करेगी। पदयात्रा सुबह 9.30 बजे शुरू होगी और 11 बजे राजघाट पर समाप्त होगी।
दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको ने दिल्ली के पूर्व सांसदों, पूर्व मंत्रियों, जिला अध्यक्षों और डीपीसीसी कार्यालय में पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ एक बैठक की। इस पदयात्रा में कांग्रेस अपनी पूरी जान फूंकने की कोशिश करेगी। कांग्रेस द्वारा सभी प्रदेशों में 2 अक्टूबर को इस तरह की पदयात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। लेकिन दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित की जाने वाली पदयात्रा को एक राष्ट्रीय स्वरूप दिये जाने की कोशिश की जा रही है। इसलिए इसमें ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने की कोशिश की जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बुलाई गई बैठक को प्रमुख रूप से पीसी चाको के अलावा कार्यकारी अध्यक्ष हारुन यूसुफ, देवेंद्र यादव और राजेश लिलोथिया, पूर्व सांसद रमेश कुमार, कृष्णा तीरथ और उदित राज ने संबोधित किया। दिल्ली के पूर्व मंत्री डॉ नरेंद्र नाथ, डॉ एके वालिया, डॉ योगानंद शास्त्री और डॉ किरण वालिया, दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी, एमसीडी में कांग्रेस के नेता मुकेश गोयल, अभिषेक दत्त और रिंकू, दिल्ली प्रदेश सेवा दल के अध्यक्ष सुनील कुमार, एनएसयूआई के अध्यक्ष अक्षय लकड़ा, वरिष्ठ नेता चतर सिंह, श्री ब्रह्म यादव और श्री महमूद जिया, प्रवक्ता हरनाम सिंह, जिला अध्यक्ष हरिकिशन जिंदल, मो उस्मान, कैलाश जैन, मदन खोरवाल, इंद्रजीत सिंह, प्रदीप शर्मा, राजेश चैहान, गुरचरण सिंह राजू, ओम दत्त यादव, सुरेंदर कुमार, दिनेश कुमार, एआर जोशी, विष्णु अग्रवाल और वीरेंद्र कसाना आदि मौजूद रहे।
पीसी चाको ने सभी जिला अध्यक्षों से अपील की कि वे अपने-अपने जिलों से अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही जिला अध्यक्षों को कहा गया है कि वह ब्लॉक कांग्रेस समितियों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठित करने के लिए कहें। सभी जिला अध्यक्षों को दिल्ली के 14 जिलों में से दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल और अन्य फ्रन्टल संगठनों का समर्थन लेने के लिए प्रत्येक में से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जुटाने के लिए कहा गया है।
दिल्ली पर कांग्रेस की नजर
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की पदयात्रा को बड़ा बनाने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रदेश प्रभारी पीसी चाको को दिल्ली के नेताओं को बड़े स्तर पर सक्रिय करने के लिए कहा है। आने वाले दिनों में हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके कुछ समय बाद ही दिल्ली में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस की नजर चारों राज्यों के विधानसभा चुनाव पर है। यही कारण है कि दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से गांधी जी की समाधि तक पदयात्रा पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है।
शामिल हो सकते हैं सोनिया व राहुल
बताया जा रहा है कि 2 अक्टूबर को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित की जा रही पदयात्रा की तैयारियां ठीक-ठाक रहीं तो इसमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी कुछ और बड़े नेताओं के साथ शामिल हो सकते हैं।
दिल्ली से पार्टी में जान फूंकने की कोशिश
कांग्रेस ने पार्टी में जान फूंकने के लिए दिल्ली को चुना है। कारण है कि इसके जरिए दिल्ली के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में सक्रियता बढ़ेगी। दूसरे दिल्ली से प्रचार-प्रसार के जरिए मीडिया में भी ज्यादा स्थान मिल सकेगा। इससे जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं, उनमें तो अच्छा संदेश जाएगा ही। इसके साथ ही दिल्ली में पार्टी संगठन को दोबारा खड़ा करने में भी मदद मिलेगी।