हॉकी: महिला अंडर-18 एशिया कप ‘काकामिगाहारा 2026’ के लिए टीम की घोषणा

-कोच रानी के मार्गदर्शन में भोपाल में एक महीने के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
-30 मई को मलेशिया के खिलाफ अभियान की शुरुआत करेगी हाॅकी टीम

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 22 मई।
हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को आगामी महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 के लिए 18 सदस्यीय भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी। जापान में आयोजित होने वाला यह प्रतिष्ठित महाद्वीपीय टूर्नामेंट 29 मई से 6 जून 2026 तक खेला जाएगा।
भारतीय टीम पिछले कई सप्ताह से भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में तैयारी कर रही थी, जहां कोच रानी रामपाल के नेतृत्व में खिलाड़ियों के संयोजन, मैच फिटनेस और रणनीतिक कौशल को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। टीम की कप्तानी स्वीटी कुजूर करेंगी। यह प्रतियोगिता युवा भारतीय खिलाड़ियों के लिए एशिया की मजबूत टीमों के खिलाफ अपनी क्षमता परखने का महत्वपूर्ण अवसर होगी। तैयारियों के तहत भारतीय टीम ने भोपाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला भी खेली, जिसका समापन मेजबान भारत ने आत्मविश्वास बढ़ाने वाली जीत के साथ किया।
भारत को पूल-ए में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला कोरिया, मलेशिया और सिंगापुर से होगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 मई को मलेशिया के खिलाफ करेगी, जबकि 31 मई को कोरिया से भिड़ेगी। इसके बाद 2 जून को सिंगापुर के खिलाफ मैच के साथ लीग चरण का समापन होगा।
पूल-ए और पूल-बी की शीर्ष दो-दो टीमें 5 जून को होने वाले सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि फाइनल मुकाबला 6 जून को खेला जाएगा। टीम चयन पर कोच रानी ने कहा कि ‘यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव हासिल करने और दबावपूर्ण मुकाबलों की चुनौतियों को समझने का शानदार मंच है। पिछले कुछ सप्ताहों में हमने फिटनेस, रणनीतिक संरचना और टीम तालमेल पर विशेष काम किया है। टीम देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्साहित और प्रेरित है। हमारा लक्ष्य निडर हॉकी खेलना और खिताब के लिए मजबूत चुनौती पेश करना होगा।’
भारतीय महिला अंडर-18 टीमः
गोलकीपर-महक परिहार एवं खिली कुमारी, डिफेंडर-सुगन सांगा, नीलम टोपनो, रूबिना बक्सला, किरण एक्का, सुलोचनी, मिडफील्डर- श्रुति कुमारी, दिया, स्नेहा दवड़े, रश्मीन कौर, नाम्मी गीताश्री, पुष्पा मांझी, फॉरवर्ड- नौशीन नाज, स्वीटी कुजूर (कप्तान), प्रियंका मिंज, संदीपा कुमारी, नैन्सी सरोहा।