डेंगू के सहारे… गेंद भाजपा के मैदान में

  1. -मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिया केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को अभियान में शामिल होने का निमंत्रण
  2. पत्र लिखकर डॉ हर्षवर्धन को डेंगू के खिलाफ जागरूकता अभियान में शामिल होने का निमंत्रण
  3. -स्वास्थ्य मंत्री के साथ केंद्रीय कर्मियों को जागरूकता अभियान में शामिल करने को लिखा पत्र
राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने लगाए थे सीएम केजरीवाल पर मिसगाइड करने के आरोप

टीम एटूजेड/नई दिल्ली
इस साल डेंगू ने भले ही राजधानवासियों को परेशान न किया हो। लेकिन राजधानी की सियासी आबोहवा में डेंगू के डंक ने तूफान खड़ा कर रखा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जैसे ही डेंगू को लेकर जागरूकता अभियान शुरू किया और आंकड़ों की बाजीगरी की तो भारतीय जनता पार्टी को पसीने छूट गए हैं। मुद्दा हाथ से जाता देख भाजपा नेता मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली सरकार को कोसने का कोई मौका नहीं चूक रहे। अब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन को डेंगू के खिलाफ जागरूकता अभियान में शामिल होने का निमंत्रण सियासी मैदान में गेंद को भाजपा के पाले में फेंक दिया है। दिल्ली में जल जनित बीमारियों से बचाव सुनिश्चित करने के 10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट कैंपेन में केंद्र सरकार को शामिल होने का निमंत्रण देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन को पत्र लिखा है।
डेंगू के खिलाफ चलाये जा रहे इस अभियान की कामयाबी के लिए जन भागीदारी की जरूरत को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने याद दिलाया है कि प्रदूषण के खिलाफ ऑड-ईवन की पहल इसलिए सफल हो पाई थी क्योंकि सभी ने मिलकर प्रयास किया था। अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा है कि दिल्ली सरकार ने 1 सितंबर से एक अभियान छेड़ा है जिसमें लोगों को इस बात के लिए जागरूक किया जा रहा है कि वह अपने घरों और आसपास ये सुनिश्चित कर लें कि कहीं मच्छरों के पैदा होने वाली जगह तो नहीं है।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि इस बारे में, दिल्ली सरकार ने एक अभियान शुरू किया है जिसमें पूरी दिल्ली के लोगों से अपील की गई है कि वे अगले 10 रविवार, 10 बजे, 10 मिनट का समय जरूर निकालें और अपने घर व आसपास ये चेक कर लें कि कहीं साफ पानी तो इकट्ठा नहीं है क्योंकि यहीं एडीज मच्छर पैदा होते हैं। इस अभियान में दिल्ली के सीएम के साथ मंत्री, विधायक, पार्षद और दिल्ली सरकार के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने लिखा है कि मैं आपको और केंद्र सरकार के सभी मंत्रियों को इस अभियान में शामिल होने का आमंत्रण देता हूं। आपकी भागीदारी अन्य लोगों को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।
मंत्रियों के साथ शामिल हों केंद्रीय कर्मचारी
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने पत्र में लिखा है कि केंद्र सरकार के साथ काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की संख्या काफी ज्यादा है। वह दिल्ली में ही रहते हैं, इसलिए आपसे अनुरोध है कि उनके लिए भी इसी तरह की अपील जारी करें।
किया ऑड-ईवन का बचाव
डॉ हर्षवर्धन को लिखे पत्र में ऑड-ईवन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वायु प्रदूषण कम करने के लिए जनवरी, 2016 में हुए ऑड-ईवन की मैं आपको याद दिलाना चाहता हूं। जिसको हम सबके सामूहिक प्रयासों के चलते भारी सफलता मिली थी। जब हर कोई निश्चित दिनों पर वाहन प्रयोग न करने पर सहमत हो गया था। ऑड-ईवन की तरह ही डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव के लिए इस कैंपेन को सफल बनाने के लिए मैं आपसे अपील करता हूं। दिल्लीवालों ने पिछले तीन साल में डेंगू और चिकनगुनिया के मामलों को कम किया है और इस साल हम इसे और कम करेंगे।