गुजरात के साथ दिल्ली नगर निगम चुनाव का रास्ता साफ!.. केंद्र ने जारी की 250 वार्डों की अधिसूचना

-इसी महीने राज्य निर्वाचन आयोग भी जारी कर सकता है वार्डों की सूची
-जनता की राय के पश्चात नवंबर तक दिया जायेगा अंतिम रूप
-अनुसूचित जाति के लिए 46 के बजाय अब 42 सीटें की गईं रिजर्व

जे.के. शुक्ला/ नई दिल्लीः 11 सितंबर, 2022।
दिल्ली नगर निगम के चुनाव गुजरात विधानसभा चुनाव के साथ कराने का रास्ता साफ होता जा रहा है। सब कुछ सामान्य रहा तो दिल्ली नगर निगम के चुनाव इसी साल दिसंबर में कराये जा सकते हैं। इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने दिल्ली नगर निगम के लिए वार्डों की संख्या 250 करने की अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के मुताबिक अब दिल्ली नगर निगम में 2011 की जनगणना के मुताबिक अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए रिजर्व सीटों की संख्या 42 की गई है। इससे पूर्व नगर निगम में कुल 272 सीट थीं, जिनमें से अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 46 सीट रिजर्व की गई थीं।
बता दें कि दिल्ली के तीनों नगर निगमों को एक करते समय सीटों की संख्या 250 निर्धारित की गई थी, उसे से संबंधित अधिसूचना को केंद्र सरकार की ओर से अब 10 सितंबर 2022 को जारी किया गया है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित की गई 42 सीटों में से 21 सीटें अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगीं, जबकि 250 में से बाकी बचीं 208 सीटों में से भी 104 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगीं। कारण है कि दिल्ली नगर निगम में 50 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
गौरतलब है कि दिसंबर महीने में ही गुजरात विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके साथ ही हिमांचल प्रदेश विधानसभा चुनाव भी कराये जाने हैं। साल 2017 में गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए 9 दिसंबर और 14 दिसंबर को वोट डाले गये थे और 18 दिसंबर को चुनाव के नतीजे घोषित किये गये थे। वहीं हिमांचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 2017 में 9 नवंबर को वोट डाले गये थे, जबकि चुनावी नतीजे 18 दिसंबर को ही घोषित हुए थे।
माना जा रहा है कि दिल्ली नगर निगम के चुनाव भी इस बार 2022 में गुजरात एवं हिमांचल विधानसभा चुनाव के साथ ही कराये जा सकते हैं। हालांकि विधानसभा चुनाव भारतीय निर्वाचन आयोग कराता है, जबकि नगर निगम चुनाव दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग को कराने हैं। लेकिन जिस तरह की भूमिका फिलहाल बनती दिखाई दे रही है, उसके मुताबिक दिल्ली नगर निगम चुनाव इन दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव के साथ कराये जा सकते हैं।
सितंबर में ही आ सकता है नगर निगम की सीटों का खाका
दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग फिलहाल दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों के लिए परिसीमन पर काम कर रहा है। फिलहाल 22 सीटें घटाई जानी हैं। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक इस काम को अंजाम दिया जा चुका है। पूर्वी दिल्ली के कुछ विधानसभा क्षेत्रों में वार्डों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वार्डों के परिसीमन का काम लगभग पूरा किया जा चुका है और किसी भी समय इसे घोषित किया जा सकता है। अतः इसी महीने इसे घोषित किया जा सकता है और इसके पश्चात जनता से सुझाव व शिकायतें प्राप्त करने के पश्चात अक्टूबर महीने तक इसकी घोषणा की जा सकती है।
दिसंबर में निगम चुनाव के लिए आयोग की तैयारी
दिल्ली निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी के मुताबिक वार्डों के परिसीमन को लगभग अंतिम रूप दिया जा चुका है। अब जनता के सुझावों को इसमें शामिल करने के पश्चात अंतिम रूप दे दिया जायेगा। यदि सब कुछ ठीक रहा तो दिसंबर 2022 में दिल्ली नगर निगम के चुनाव कराये जा सकते हैं। दिल्ली निर्वाचन आयोग नगर निगम के चुनाव दिसंबर कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है।