महाराष्ट्र व हरियाणा में 21 अक्टूबर को होगी वोटिंग

-24 अक्टूबर को आएंगे विधानसभा चुनाव के नतीजे
-4 अक्टूबर तक होगा नामांकन, 19 तक चुनाव प्रचार

एसजेटी ब्यूरो/ नई दिल्ली
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र व हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा कर दी। दोनों राज्यों में 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और 24 अक्टूबर को नतीजों का ऐलान किया जाएगा। नामांकन की प्रक्रिया 27 सितंबर से शुरू हो चुकी है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि नामांकन की अंतिम तारीख 4 अक्टूबर, स्क्रूटिनी की तारीख 5 अक्टूबर रखी गई। 7 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया दीपावली के त्योहार से पहले पूरी कर ली जाएगी।
भाजपा-शिवसेना ने अलग लड़ा था पिछला चुनाव
दोनों राज्यों में शनिवार 21 सितंबर से चुनाव आचार संहिता लग चुकी है। हरियाणा और महाराष्ट्र के साथ ही अन्य राज्यों की 64 सीटों पर चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की गई है। बता दें कि महाराष्ट्र में पिछला विधानसभा चुनाव भाजपा और शिवसेना ने अलग अलग लड़ा था। लेकिन लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा था। महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीट हैं। कांग्रेस और एनसीपी ने 125-125 सीट पर मिलकर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। बाकी सीट कुछ दूसरे दलों को दी जाएंगी।
भाजपा ने जीती 122 सीट
2014 के विधानसभा चुनाव में 27.8 फीसदी वोट हासिल कर बीजेपी ने 122 सीट जीती थीं। शिवसेना ने 19.3 फीसदी वोट हासिल किए और वह 63 सीटों पर जीत हासिल कर सकी। जबकि कांग्रेस को 18 फीसदी वोट मिले थे और 42 सीट पर जीत हासिल की थी। एनसीपी को 17.2 फीसदी वोट मिले थे और 41 सीट पर जीत दर्ज की थी।
हरियाणा के दंगल में बिखरे भाजपा विरोधी
हरियाणा राज्य में कुल 90 विधानसभा सीट हैं। 2019 के चुनाव में यहां बीजेपी ने मिशन 75 का टारगेट रखा है। 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 33.20 फीसदी वोट के साथ 47 सीटें जीती थीं। इसके दम पर बीजेपी ने सरकार की कमान मनोहर लाल खट्टर को सौंपी थी। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महज 17 सीट जीत पाई थी। इस बार भाजपा विरोधी दल फिर से बिखरे हुए हैं। इसका लाभ चुनाव में भाजपा को मिल सकता है।

महाराष्ट्र और हरियाणा में इस तरह रहेगा चुनावी कार्यक्रमः
नॉटिफिकेशन की तारीख – 27 सितंबर
नामांकन की आखिरी तारीख – 4 अक्टूबर
स्क्रूटनी की तारीख – 5 अक्टूबर
नामांकन वापसी की तारीख – 7 अक्टूबर
चुनाव प्रचार का आखिरी दिन – 19 अक्टूबर
मतदान – 21 अक्टूबर
चुनाव नतीजे- 24 अक्टूबर