थप्पड़ कांड की दावेदार सरिता चौधरी… भाजपा से बरी

-प्रदेश भाजपा ने की कार्रवाई, जिम्मेदारी से मुक्त किया

टीम एटूजेड/ नई दिल्ली
गुरूवार 19 सितंबर को दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में थप्पड़ कांड की पीड़ित बनी सरिता चौधरी के खिलाफ पार्टी ने बड़ी कार्रवाई की है। पूर्व मेयर और विधानसभा का चुनाव लड़ चुकी सरिता को दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने उनके पद से हटा दिया है। मंगलवार को प्रदेश कार्यालय की ओर से उनके लिए पत्र जारी करके संदेश दिया गया। सरिता को पार्टी की बेटी बचाआ-बेटी पढ़ाओ प्रकल्प की दिल्ली प्रदेश संयोजक पद से मुक्त कर दिया गया है।
सूत्रों की मानें तो पूरे मामले की शिकायत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों तक पहुंची थी। पार्टी ने अपनी जांच में सरिता को प्रथम दृष्टया दोषी पाया है। इसके बाद उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। बता दें कि 19 सितंबर को पार्टी कार्यालय में सरिता को पीटने वाले आजाद सिंह उनके पति हैं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच तलाक का मामला चल रहा है।
इस घटना से पूर्व सरिता चौधनी ने अपनी पति आजाद सिंह के ऊपर हाथ उठाया था। इस मामले में पुलिस शिकायत भी की गई थी। इसे बाद गुरूवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में थप्पड़ कांड की घटना घटी थी। इस घटना के बाद आजाद सिंह को तुरंत प्रभाव से महरौली जिला अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था।
बेटे के खिलाफ भी की गई शिकायत
भाजपा से जुड़े सूत्रों की मानें तो सरिता चौधरी आजकल पार्टी के एक निगम पार्षद के साथ आती-जाती हैं। सियासी गलियारों में इन दोनों के लिवइन में रहने की चर्चाएं आम हैं। इसको लेकर संबंधित निगम पार्षद के परिवार के लोग और रिश्तेदार भी कई बार आपत्ति जता चुके हैं। बताया जा रहा है कि पति के खिलाफ तलाक और पुलिस में शिकायतों के अलावा सरिता ने अपने बेटे के खिलाफ भी एक शिकायत कर रखी है। इस मामले में पक्ष जानने के लिए आजाद सिंह और सरिता चौधरी के मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की गई। लेकिन दोनों से संपर्क नहीं हो सकता। संपर्क होने पर दोनों का पक्ष भी खबरों में रखा जा सकेगा।