-जापान के नागोया में पूरी हुई चुनावी कार्यवाही
एसएस ब्यूरो/नागोया, 23 सितंबर।
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी महासंघ (आईकेएफ) के चुनाव मंगलवार को जापान के नागोया में एशियाई खेलों के दौरान संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) और एशियन कबड्डी फेडरेशन की निगरानी में पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से हुई।
चुनाव के बाद आईकेएफ के आगामी कार्यकाल के लिए 18 सदस्यीय कार्यकारी बोर्ड का गठन किया गया। विनोद कुमार तिवारी को अध्यक्ष, तेजस्वी गहलोत को महासचिव और सोमप्रानचू को कोषाध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित कार्यकारी बोर्ड अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी के ढांचे को मजबूत करने, अधिक देशों की भागीदारी बढ़ाने, खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के विकास तथा खेल की वैश्विक पहुंच के विस्तार पर काम करेगा।
आईकेएफ ने कहा कि नागोया में चुनाव का सफल आयोजन महासंघ की सुशासन, संस्थागत स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। महासंघ ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी सदस्य महासंघों, प्रतिनिधियों और हितधारकों का आभार व्यक्त किया।


