-CBI ने विज्ञापन विभाग के एक बड़े अधिकारी और उसके सहयोगी को पूछताछ के लिए तलब किया
-मंगलवार को CBI ने आरोपी अनिल खत्री की गाड़ी सिविक सेंटर से उठाई
हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 22 सितंबर।
भ्रष्टाचार मामले में दिल्ली नगर निगम के विज्ञापन विभाग के कई अधिकारी सीबीआई के राडार पर आ गये हैं। मंगलवार को एक बार फिर से सीबीआई अधिकारियों ने एमसीडी मुख्यालय सिविक सेंटर का रूख किया। यहां पहुंचकर उन्होंने विज्ञापन विभाग के कई कर्मचारियों से पूछताछ की। सीबीआई अधिकारी विज्ञापन विभाग के दो कर्मचारियों (नजफगढ़ जोन और सेंट्रल जोन) को लेकर दिल्ली के कई इलाकों में विज्ञापन स्थलों पर गये और एमसीडी में चल रहे भ्रष्टाचार के पूरे खेल को समझा।
बताया जा रहा है कि सीबीआई अधिकारियों ने मंगलवार को एमसीडी मुख्यालय पहुंचकर विज्ञापन विभाग के एक बड़े अधिकारी और उसके सहयोगी को पूछताछ के लिए बुधवार को सीबीआई कार्यालय पहुंचने के लिए नोटिस थमा दिया। इसके साथ ही सीबीआई अधिकारियों ने सिविक सेंटर की पार्किंग के बी-2 तल पर खड़ी आरोपी अनिल खत्री की कार को अपने कब्जे में ले लिया।
https://a2z-news.com/mcd-another-official-in-cbi-custody-in-corruption-case/बता दें कि बीते 16 और 17 सितंबर को एमसीडी के एरिया इंसपेक्टर अनिल खत्री और वेद प्रकाश के साथ निजी एजेंसी के निदेशक अनंत शर्मा और उसके सहयोगी दिलीप पटेल को गिरफ्तार किया था। 16 सितंबर की छापेमारी में सीबीआई ने आरोपियों के पास से 25 लाख रूपये से ज्यादा की नकदी बरामद की थी।
एक आला अधिकारी भी निशाने पर!
बताया जा रहा है कि सीबीआई का पूरा जोर यह पता लगाने पर है कि एमसीडी के ये दोनों आरोपी किस अधिकारी के लिए इतनी मोटी उगाही कर रहे थे? एमसीडी मुख्यालय सिविक सेंटर में कार्यरत अधिकारियों के बीच चर्चा है कि विज्ञापन विभाग के भ्रष्टाचार का खेल एमसीडी में बाहर से आये और लंबे समय से जमे हुए एक बड़े अधिकारी के संरक्षण में चल रहा है। यदि सीबीआई कड़ाई से पूछताछ करती है तो गिरफ्तार किये गये दोनों आरोपी अधिकारी उस अधिकारी का नाम ले सकते हैं।


