यूएस ओपन 2026: किदांबी श्रीकांत बने उपविजेता

-फाइनल मुकाबले में चीन के सु ली यांग से हारे

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 29 जून।
भारत के पूर्व विश्व नंबर एक बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत का बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीतने का इंतजार एक बार फिर लंबा हो गया। रविवार को खेले गए यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल फाइनल में उन्हें चीनी ताइपे के सु ली यांग के हाथों 15-21, 21-16, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा।
33 वर्षीय श्रीकांत ने अपने से नौ साल छोटे प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ शानदार संघर्ष किया, लेकिन एक घंटे नौ मिनट तक चले मुकाबले में जीत दर्ज नहीं कर सके।
पहले गेम में सु ली यांग ने तेज शुरुआत करते हुए 10-5 की बढ़त बनाई। श्रीकांत ने वापसी करते हुए स्कोर 10-10 से बराबर किया, लेकिन इसके बाद ताइपे के खिलाड़ी ने लगातार सात अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। 15-13 की बढ़त के बाद श्रीकांत ने शानदार खेल दिखाते हुए स्कोर 20-13 कर दिया और चौथे गेम प्वाइंट पर गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। हालांकि, इस जोरदार प्रयास का असर उनकी फिटनेस पर भी दिखाई दिया।
निर्णायक गेम में श्रीकांत 9-7 तक मुकाबले में बने रहे, लेकिन इसके बाद 24 वर्षीय सु ली यांग ने लगातार आठ अंक जीतकर मैच और खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल तक के सफर में श्रीकांत ने खेल भावना की शानदार मिसाल भी पेश की। सेमीफाइनल के दौरान एक विवादित फैसले पर जब अधिकारियों ने अपना निर्णय बदलने से इनकार कर दिया, तब श्रीकांत स्वयं रेफरी के पास गए और अंक अपने प्रतिद्वंद्वी जापान के ओकिमोटो को देने का आग्रह किया।