भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफ आई एच प्रो लीग के रिवर्स मुकाबले में पाकिस्तान को 7-1 से रौंदा

-सुखजीत, हरमनप्रीत, हार्दिक, जुगराज, अभिषेक, राज कुमार पाल और दिलप्रीत ने दागे गोल, भारत की शानदार जीत

एसएस ब्यूरा/ नई दिल्ली-लंदन, 26 जून।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए एफआईएच प्रो लीग के लंदन चरण के रिवर्स मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया।
पहले क्वार्टर में शुरुआती बढ़त गंवाने के बावजूद भारत ने दमदार वापसी करते हुए सुखजीत सिंह (20वें मिनट), हरमनप्रीत सिंह (26वें), हार्दिक सिंह (34वें), जुगराज सिंह (35वें), अभिषेक (41वें), राज कुमार पाल (44वें) और दिलप्रीत सिंह (54वें) के गोलों की बदौलत सात गोल दागे और पूरे तीन अंक हासिल किए। मिडफील्ड में शानदार प्रदर्शन के लिए हार्दिक सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
दोनों टीमों ने तेज शुरुआत की, लेकिन मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर भारत को शुरुआती 90 सेकंड के भीतर मिला, जब मनदीप सिंह ने बेसलाइन से शानदार दौड़ लगाई। भारत लगातार आक्रमण करता रहा, लेकिन पाकिस्तान ने तेज काउंटर अटैक के जरिए 13वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। वीडियो रेफरल असफल रहने के बाद पाकिस्तान के कप्तान अबू बकर महमूद (13वें) ने ड्रैग-फ्लिक को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने लंबी और सटीक पासिंग के दम पर मैच पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लिया। 18वें मिनट में पाकिस्तान को झटका लगा, जब अली गजनफर का डिफ्लेक्टेड पास उनके ही साथी अहमद नदीम के चेहरे पर लग गया और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।
भारत ने इसका पूरा फायदा उठाया। 20वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह की तेज ड्रैग-फ्लिक को सुखजीत सिंह ने शानदार डिफ्लेक्शन देकर गोल में बदलते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद 26वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर हरमनप्रीत ने सीधे गेंद को टॉप लेफ्ट कॉर्नर में भेजकर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। इसी स्कोर के साथ पहला हाफ समाप्त हुआ।
दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा जारी रहा। 34वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिलने के बाद दूसरे प्रयास पर भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे हार्दिक सिंह ने शांतचित्त होकर गोल में बदलते हुए स्कोर 3-1 कर दिया। पाकिस्तान ने भी दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने दोनों प्रयास विफल कर दिए। दूसरे पेनल्टी कॉर्नर को रोकने के बाद भारत ने तेज काउंटर अटैक किया। दिलप्रीत सिंह ने सुखजीत के साथ शानदार तालमेल बनाते हुए गेंद जुगराज सिंह (35वें) को दी, जिन्होंने जोरदार शॉट लगाकर भारत की बढ़त 4-1 कर दी।
भारतीय आक्रमण यहीं नहीं रुका। 41वें मिनट में सुखजीत ने एक और बेहतरीन मौका बनाया और अभिषेक ने दौड़ते हुए शानदार गोल कर स्कोर 5-1 कर दिया। तीसरे क्वार्टर के अंत में भारत को लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर मिले। चैथे प्रयास पर हरमनप्रीत की ड्रैग-फ्लिक के रिबाउंड पर राज कुमार पाल (44वें) ने सबसे पहले प्रतिक्रिया देते हुए गेंद को खाली गोल में पहुंचाकर भारत को 6-1 की मजबूत बढ़त दिला दी।
अंतिम क्वार्टर में भी भारत ने रक्षात्मक अनुशासन बनाए रखा और आक्रमण जारी रखा। 54वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने शानदार टीम मूव को गोल में बदलते हुए भारत का सातवां गोल दाग दिया। मैच के अंतिम क्षणों में पाकिस्तान को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह ने दोनों प्रयासों को नाकाम करते हुए भारत की 7-1 की शानदार जीत सुनिश्चित की।