अंडर-18 पुरुष और महिला टीमें जापान में एशिया कप के लिए तैयार

-29 मई से 6 जून तक चलेगा हाॅकी एशिया कप 2026

विजय कुमार/ नई दिल्ली 28 मई।
भारतीय अंडर-18 पुरुष और महिला हॉकी टीमें 29 मई से 6 जून तक जापान के काकामिगाहारा में आयोजित होने वाले अंडर-18 एशिया कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। भोपाल में कई सप्ताह तक चले गहन प्रशिक्षण शिविर और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए अभ्यास मुकाबलों के बाद दोनों टीमें महाद्वीपीय टूर्नामेंट में एशिया की सर्वश्रेष्ठ उभरती प्रतिभाओं के खिलाफ मजबूत प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेंगी।
फॉरवर्ड केतन कुशवाहा की कप्तानी वाली भारतीय अंडर-18 पुरुष टीम ने सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा के मार्गदर्शन में भोपाल स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के उधव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल सेंटर में एक महीने का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर किया। तैयारियों के तहत टीम ने ऑस्ट्रेलियाई अंडर-18 टीम के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला खेली, जिसमें भारत ने एक मैच जीता, एक हारा, जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे।
पुरुष प्रतियोगिता में भारत को पूल-ए में मेजबान जापान, कोरिया, चाइनीज ताइपे और कजाखस्तान के साथ रखा गया है। भारतीय टीम 29 मई को कजाखस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, इसके बाद 31 मई को जापान, 1 जून को कोरिया और 3 जून को चाइनीज ताइपे से मुकाबला होगा। पूल-बी में मलेशिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन शामिल हैं। दोनों पूलों से शीर्ष दो टीमें 5 जून को होने वाले सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि फाइनल 6 जून को खेला जाएगा।
टूर्नामेंट से पहले भारतीय अंडर-18 पुरुष टीम के कप्तान केतन कुशवाहा ने कहा, ष्एशिया कप से पहले टीम काफी आत्मविश्वास और उत्साह महसूस कर रही है। भोपाल कैंप और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैचों से हमें एक इकाई के रूप में काफी सुधार करने और अपनी कमियों को समझने में मदद मिली। हमें पता है कि टूर्नामेंट का हर मुकाबला चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन पूरी टीम देश को गौरवान्वित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने को तैयार है।
भारतीय अंडर-18 महिला टीम, जिसकी कप्तान स्वीटी कुजूर हैं, ने भी कोच रानी के मार्गदर्शन में भोपाल में एक उपयोगी राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर पूरा किया। इस शिविर में टीम संयोजन मजबूत करने, रणनीतिक समझ विकसित करने और मैच फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया गया। महिला टीम ने भी तैयारियों के तहत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला खेली और इस श्रृंखला का समापन एक आत्मविश्वास बढ़ाने वाली जीत के साथ किया।
पूल-ए में शामिल भारतीय महिला टीम 30 मई को मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, इसके बाद 31 मई को कोरिया और 2 जून को सिंगापुर से मुकाबला होगा। पूल-बी में चीन, जापान, चाइनीज ताइपे और बांग्लादेश शामिल हैं। दोनों पूलों की शीर्ष दो टीमें 5 जून को सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि फाइनल 6 जून को खेला जाएगा।
भारतीय अंडर-18 महिला टीम की कप्तान स्वीटी कुजूर ने टीम की तैयारियों पर भरोसा जताते हुए कहा, ष्पूरी टीम टूर्नामेंट शुरू होने को लेकर बेहद उत्साहित है। पिछले कुछ हफ्तों में हमने कड़ी मेहनत की है और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैचों से हमें महत्वपूर्ण मैच अनुभव मिला। कैंप के दौरान टीम के खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल बना है और सभी अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हैं।